संवाद न्यूज एजेंसी
हस्तिनापुर। भाजपा सरकार में पूर्व कैबिनेट मंत्री रहे सुरेश राणा को भाजपा का प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने पर क्षेत्र के ठाकुर समाज के लोगों में खुशी का माहौल है। हस्तिनापुर क्षेत्र के भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक उनके आवास पर थानाभवन पहुंचे और फूलमाला पहनाकर उनका जोरदार स्वागत किया।
कार्यकर्ताओं ने इसे क्षेत्र के लिए गौरव का विषय बताते हुए कहा कि सुरेश राणा लंबे समय से संगठन और सरकार में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके अनुभव और नेतृत्व क्षमता का लाभ अब प्रदेश संगठन को मिलेगा। भाजपा नेता ठाकुर देवेंद्र चौहान ने कहा कि सुरेश राणा को प्रदेश उपाध्यक्ष बनाए जाने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कार्यकर्ताओं में नया उत्साह पैदा हुआ है। स्वागत कार्यक्रम में क्षेत्र के कई भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे। सभी ने सुरेश राणा को नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं और उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की।