किनौनी मिल चालू होने से जनपद में गन्ना पेराई सत्र शुरू
आज तीन शुगर मिलें करेंगी सत्र का शुभारंभ
पांच को सकौती और छह नवंबर को चलेगी मोहिउद्दीनपुर चीनी मिल
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। बजाज हिंदुस्थान लिमिटेड की किनौनी शुगर मिल के चालू होने रविवार को जिले में पेराई सत्र शुरू हो गया। सोमवार को दौराला, मवाना और नंगलामल मिल भी पेराई शुरू करेंगी। वहीं, सकौती शुगर मिल पांच और मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल छह नवंबर को चालू होंगी।
किनौनी शुगर मिल में रविवार को विधायक जितेंद्र सतवाई ने अतिथियों एवं चुनिंदा किसानों के साथ विधिविधान से चेन में गन्ना डालकर पेराई सत्र का शुभारंभ किया। दौराला, मवाना और नंगलामल शुगर मिल सोमवार को पेराई सत्र शुरू करने जा रही हैं। दौराला और मवाना ने पिछले साल चार नवंबर को और नंगलामल मिल ने पांच नवंबर को पेराई सत्र शुरू किया था। तीनों शुगर मिलें इस साल दो से तीन दिन पहले पेराई सत्र शुरू कर रही हैं। आईपीएल ग्रुप की सकौती शुगर मिल पांच नवंबर तथा उत्तर प्रदेश राज्य चीनी निगम लिमिटेड की मोहिउद्दीनपुर शुगर मिल छह नवंबर को पेराई शुरू करेंगी। पिछले साल दोनों मिलें 11 नवंबर को शुरू र्हुई थीं। जिला गन्ना अधिकारी डॉ. दुष्यंत कुमार ने बताया कि किनौनी मिल के चलने से जिले का पेराई सत्र शुरू हो गया है। दौराला, मवाना और नंगलामल मिल सोमवार को चालू हो जाएंगी। इन सभी मिलों ने भी तीन दिन पहले गन्ना इंडेंट जारी कर दिया। गन्ना इंडेंट मिल क्षमता के सापेक्ष 80 फीसदी तक दिया है। सकौती और मोहिउद्दीनपुर मिल भी सोमवार-मंगलवार तक इंडेंट जारी कर देंगी। दौराला शुगर मिल मुख्य महाप्रबंधक (केन) संजीव खाटियान ने बताया कि सोमवार से शुरू हो रहे पेराई सत्र के लिए मिल ने तैयारी कर ली है। चार दिन पहले ही सेंटरों और मिल गेट का इंडेंट भेज दिया था। वहीं, नंगलामल मिल के महाप्रबंधक केन एलडी शर्मा ने भी पेराई सत्र की पूरी तैयारी कर लेने की जानकारी दी है।
फसल अवशेष न जलाएं
गन्ना विभाग ने किसानों से गन्ने की पत्ती को खेत में न जलाने की अपील की। जिला गन्ना अधिकारी डॉ. दुष्यंत कुमार ने बताया कि इसके लिए विभाग ने कंट्रोल रूम नंबर 0121-2662993 शुरू किया है। इस नंबर पर पत्ती जलाने की शिकायत की जा सकती है। किसान पत्ती जलाने से बचें और पर्यावरण को स्वच्छ बनाने में सहयोग दें।