मेरठ। पांच साल पहले मेरठ में तैनात रहे सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार दीक्षित को राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार से नवाजा जाएगा। यह पदक उन्हें 26 जनवरी 2026 को दिया जाएगा। वर्ष 2020 की 25 जनवरी को एक लाख के इनामी बदमाश चांद उर्फ काला के साथ टीपीनगर थाना क्षेत्र में हुई मुठभेड़ के दौरान मनोज दीक्षित के पेट में गोली लगी थी।
तत्कालीन एसएसपी अजय साहनी नेतृत्व में यह मुठभेड़ हुई थी। उनके साथ टीम में टीपीनगर के तत्कालीन थाना अध्यक्ष दिनेश बघेल, एसआई मनोज कुमार दीक्षित भी शामिल थे। मुठभेड़ में एक लाख का इनामी मारा गया था। एडीजी की ओर से एसएसपी अजय साहनी, थानाध्यक्ष दिनेश बघेल और एसओजी में तैनात सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार दीक्षित को सराहनीय कार्य के लिए राष्ट्रपति वीरता पदक दिए जाने की संस्तुति की गई थी। जिसे अब स्वीकार किया गया है। तीनों को राष्ट्रपति वीरता पुरस्कार देने की घोषणा हुई है।
अजय साहनी वर्तमान में बरेली जोन के डीआईजी हैं, दिनेश बघेल वर्तमान में मुजफ्फरनगर में मंडी कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक हैं, सब इंस्पेक्टर मनोज कुमार दीक्षित बुलंदशहर के थाना सलेमपुर की चौकी चिट्टा के प्रभारी थे। उनका दो दिन पहले ही आगरा कमिश्नरेट में तबादला हुआ है। मनोज कुमार दीक्षित मूलरुप से मुजफ्फरनगर जनपद के तितावी थाना क्षेत्र अंतर्गत खेड़ी दूधाहेड़ी के निवासी हैं। वे पल्लवपुरम फेस- 1 में पत्नी श्रद्धा, बेटी अदिति और बेटे आदित्य दीक्षित के साथ रह रहे हैं। मनोज दीक्षित को राष्ट्रपति वीरता पदक मिलने की घोषणा होने से परिजनों की खुशी का ठिकाना नहीं है।
-