मेरठ। केएल इंटरनेशनल स्कूल में शनिवार को सम्मान समारोह आयोजित किया गया। जिसमें सीबीएसई परीक्षा परिणामों में श्रेष्ठ प्रदर्शन कर जिला टॉपर व विषय में शत-प्रतिशत अंक और अन्य को करिकुलर गतिविधियों में शानदार प्रदर्शन करने वाले छात्रों को सम्मानित किया गया। शुभारंभ मुख्य अतिथि डीआईजी कलानिधि नैथानी, वाइस चेयरमैन तेजेंद्र खुराना और चेयरमैन कुलदीप सिंह लाम्बा ने मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलित किया।
प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने पुष्प गुच्छ के साथ सभी का स्वागत किया। प्रधानाचार्य सुधांशु शेखर ने बोर्ड परीक्षा में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने पर छात्र-छात्राओं को बधाई दी। पुरस्कार वितरण में कक्षा-12 की बोर्ड परीक्षा में एआईआर तृतीय व ह्यूमैनिटीज स्ट्रीम टॉपर श्रेया अग्रवाल को 51 हजार, एआईआर फॉर व स्ट्रीम टॉपर द्वितीय रिया गुप्ता को 31 हजार और स्ट्रीम टॉपर तृतीय काव्य गुप्ता को नकद 5 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया। कॉमर्स स्ट्रीम टॉपर स्वयं राघव को नकद 21 हजार के साथ-साथ अन्य स्ट्रीम्स में प्रथम, द्वितीय व तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले टॉपर्स को 21 हजार 11 हजार व 5 हजार रुपये के नकद पुरस्कार दिए गए।
कक्षा दसवीं में स्कूल टॉपर आलेख चौहान को 21 हजार द्वितीय स्कूल टॉपर मोहक नागपाल, आन्या सिंह, विवान आदित्य व माडी को 11 हजार और तृतीय स्कूल टॉपर शारंग शर्मा को नकद 5 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया। प्रत्येक विषय में शत-प्रतिशत अंक पाने वाले 151 छात्रों को 2100 रुपए का नगद पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। खेल जगत में विद्यालय के गौरव को अंतरराष्ट्रीय पटल पर पहचान दिलाने वाली शूटर अनन्या को एक लाख रुपये, युवराज चौधरी (यूपी स्टेट शूटिंग चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल), ऋतुराज चौधरी (सीबीएसई चैस प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल) को नकद 11 हजार और अधिराज काजला को सीबीएसई नेशनल क्रिकेट टीम में चयनित होने पर 5 हजार व ट्रैक सूट प्रदान किया गया। इसके साथ ही विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफल होकर देश के प्रतिष्ठित संस्थानों में प्रवेश पाने वाले प्रत्येक छात्रों को भी नकद 11 हजार रुपये देकर सम्मानित किया गया। अपनी लेखनी के माध्यम से देश भर में पहचान बनाने वाले कृष्णा भाटिया और संजीवनी बास्केट नामक प्रोजेक्ट में सफलतापूर्वक कार्य करने पर अयानांश सिंह व जाह्नवी शरण को पुरस्कार स्वरूप नकद 2100 रुपये देने के साथ ही विद्यालय में शत-प्रतिशत उपस्थिति वाले छात्रों व शिक्षकों को भी पुरस्कृत किया गया।