समर्थ पोर्टल की तकनीकी खामियों के कारण चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय (सीसीएसयू) और इससे संबद्ध कॉलेजों के प्रथम सेमेस्टर के छात्र परीक्षा फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं। बुधवार को परेशान छात्रों ने पूर्व छात्र संघ महामंत्री अंकित अधाना के नेतृत्व में विश्वविद्यालय परिसर पहुंचकर रजिस्ट्रार अनिल कुमार यादव का घेराव किया।
छात्रों ने एकेडमिक बैंक ऑफ क्रेडिट आईडी (एबीसी आईडी) की अनिवार्यता का विरोध करते हुए रजिस्ट्रार से कहा कि आधार कार्ड में जन्मतिथि, नाम या अन्य विवरण में मामूली गड़बड़ी के कारण हजारों छात्रों की एबीसी आईडी जेनरेट नहीं हो पा रही है। जिसकी वजह से कॉलेज उनके परीक्षा फॉर्म भरने से इनकार कर रहे हैं। इसके अलावा पोर्टल पर फीस जमा करने में असफलता, बार-बार लॉगिन त्रुटि और अन्य तकनीकी दिक्कतों से भी छात्र फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं।
अंकित अधाना ने कहा, केवल अंतिम तिथि बढ़ाना समाधान नहीं है। समर्थ पोर्टल की खामियों को जड़ से ठीक किया जाना चाहिए। ग्रामीण इलाकों के छात्रों को बार-बार विश्वविद्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं। छात्र नेता शान मोहम्मद ने भी पोर्टल की खराबी पर गंभीर सवाल उठाया।
कॉलेज स्तर पर स्वीकार किए जाएंगे फॉर्म
छात्रों की परेशानी को देखते हुए रजिस्ट्रार ने कहा कि जिन छात्रों की एबीसी आईडी तकनीकी कारणों से नहीं बन पा रही है उनके फॉर्म कॉलेज स्तर पर स्वीकार किए जाएंगे। किसी भी छात्र को एबीसी आईडी के अभाव में परीक्षा से वंचित नहीं रखा जाएगा। छात्रों ने रजिस्ट्रार से समर्थ पोर्टल की परेशानियों का स्थायी समाधान करने की मांग की। प्रदर्शन में विनीत चपराना, दिवाकर सैनी, सपना, आशु गोस्वामी, रजत ठाकुर सहित दर्जनों छात्र शामिल रहे।