कृषक पी जी कालेज में धरना दे रहे छात्रों से वार्ता करते कालेज के कार्यवाहक प्राचार्य। (स्त्रोत
कार्यवाहक प्रधानाचार्य के आश्वासन पर भी नहीं माने, डीएम से करेंगे शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। कृषक पीजी कॉलेज में स्मार्टफोन और टेबलेट की मांग को लेकर सोमवार को छात्रों ने धरना दिया। पुख्ता आश्वासन नहीं मिलने पर छात्र जिलाधिकारी से शिकायत करने की बात कहते हुए धरना समाप्त कर लौट गए।
स्मार्टफोन और टेबलेट मिलने की आस कर रहे कृषक डिग्री कॉलेज के छात्रों के सब्र का बांध सोमवार को टूट गया। योजना का लाभ न मिलने से आक्रोशित छात्र प्राचार्य से मिलने पहुंचे। वहां कोई ठोस जवाब नहीं मिलने पर छात्रों में रोष फैल गया। छात्रों ने कॉलेज के मैदान में ही दरी बिछाकर धरना शुरू कर दिया और कॉलेज प्रशासन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया। प्राचार्य के आश्वासन को छात्रों ने यह कहते हुए ठुकरा दिया कि अब उन्हें वादे नहीं स्मार्टफोन चाहिए।
पूर्व छात्र संघ महामंत्री अंकित अधाना के नेतृत्व में जुटे छात्रों ने कॉलेज प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। छात्रों का कहना था कि जनपद के अन्य सभी कॉलेजों में वितरण हो चुका है लेकिन यहां वर्षों से छात्रों को गुमराह किया जा रहा है। धरने में पूर्व महामंत्री अंकित अधाना ने कहा कि डिजिटल शिक्षा के इस युग में कॉलेज की लापरवाही से ग्रामीण छात्र पिछड़ रहे हैं। स्मार्टफोन के नाम पर छात्र कॉलेज के चक्कर काटकर परेशान हैं लेकिन उन्हें हर बार टरका दिया जाता है।
हंगामे की सूचना पर कार्यवाहक प्राचार्य धरने स्थल पर पहुंचे और छात्रों को समझाने की कोशिश की। उन्होंने जल्द वितरण का आश्वासन दिया लेकिन छात्र अपनी मांगों पर अड़े रहे। छात्रों ने निर्णय लिया कि अब इस मामले की शिकायत जिलाधिकारी से की जाएगी। यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो कॉलेज में तालाबंदी की जाएगी। इसके बाद धरना समाप्त कर दिया। इस मौके पर उमंग धामा, सन्नी, गोल्डी सहित काफी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद रहे। कार्यवाहक प्राचार्य विमलेश मिश्रा का कहना है कि काॅलेज स्तर से अप्रूवल होकर चला गया है। लखनऊ से प्राप्त होते ही वितरित कर दिए जाएंगे।