सरधना (मेरठ)। चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग पर रविवार देर रात नशे में कुछ युवकों ने उपद्रव किया। सलावा व अटेरना पुल के बीच सड़क किनारे खड़े युवकों द्वारा गुजर रहे वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया। जब वाहन नहीं रुके तो युवकों ने अचानक पुलिस वाहन समेत कई अन्य वाहनों पर पथराव कर दिया। इससे कई वाहनों के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए।
पुलिस के मुताबिक पथराव की चपेट में आने से सरधना निवासी जीशान कुरैशी घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। इसी दौरान मुजफ्फरनगर पुलिस की एक टीम भी कांवड़ पटरी मार्ग से गुजर रही थी, जिसकी सरकारी गाड़ी पर भी आरोपियों द्वारा पत्थर फेंके गए। पुलिस टीम ने तत्काल डायल 112 के माध्यम से स्थानीय पुलिस को सूचना दी। सूचना पर सरधना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में सघन तलाशी अभियान चलाया लेकिन आरोपी अंधेरे का लाभ उठाकर भाग गए।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार का कहना है कि यह नशे में युवकों द्वारा किया गया उपद्रव है। लूटपाट जैसी कोई घटना नहीं हुई है। मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। सर्विलांस टीम की मदद से आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।
सरधना। कांवड़ पटरी मार्ग पर पथराव से क्षतिग्रस्त हुई कार। शिकायतकर्ता