संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। सनातन धर्म गर्ल्स इंटर कॉलेज में कक्षा तीन से पांच तक की छात्राओं के लिए दो दिवसीय बुलबुल कैंप का आयोजन किया गया। कैंप में छात्राओं ने विभिन्न अनुशासनात्मक एवं कौशल आधारित गतिविधियों में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम में छात्राओं के प्रदर्शन के मूल्यांकन के लिए निर्णायक समिति का गठन किया गया। इसमें विद्यालय के प्रबंधक नीरज गुप्ता, मदन लाल बंसल, गौरव गुप्ता, अनुज बंसल, अरिंदम बंसल, आयुष गुप्ता और ज्योति शर्मा शामिल रहे। निर्णायकों ने छात्राओं की गतिविधियों का मूल्यांकन किया और उनके अनुशासन एवं प्रतिभा की सराहना की।
कैंप के दौरान विभिन्न पैक्स के बीच प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। इसमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए मैना पैक ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। नीलकंठ पैक दूसरे और मोर पैक तीसरे स्थान पर रहा।
विद्यालय की प्रधानाचार्या वंदना मित्तल रस्तोगी और शिक्षिका रेनू गुप्ता समेत अन्य शिक्षिकाओं ने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग किया। प्रधानाचार्या ने कहा कि इस तरह की गतिविधियों से छात्राओं में आत्मनिर्भरता, अनुशासन और सहयोग की भावना विकसित होती है। समापन पर विजेता एवं प्रतिभागी छात्राओं को पुरस्कार और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया।