मवाना। मवाना खुर्द स्थित जवाहर इंटर कॉलेज के छात्रों ने कॉलेज गेट के सामने से अवैध नाले को हटवाने के लिए मवाना-मेरठ मार्ग पर प्रदर्शन किया। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लाइन लग गई।
जवाहर इंटर कॉलेज मवाना खुर्द के गेट के सामने अवैध रूप से नाला खोदा गया है। जिसका पानी कॉलेज के खेल मैदान में जाता है। जिससे वहां पर गंदगी हो रही है और संक्रामक रोग फैलने का अंदेशा है। बीते सप्ताह खेल के मैदान में गंदा पानी भरा रहने के कारण मैदान में खड़ा एक पेड़ कॉलेज के कक्ष पर गिर गया था। जिससे कक्ष क्षतिग्रस्त हो गया था। इस संबंध में प्रधानाचार्य केपी सिंह ने डीएम से शिकायत करते हुए नाले को बंद कराने की मांग की थी।
सोमवार को कॉलेज के छात्रों ने अवैध नाले को हटवाने के लिए कॉलेज के सामने मेरठ मार्ग पर प्रदर्शन किया और नारेबाजी करते हुए गंदगी से निजात दिलाने के लिए अवैध नाले को बंद कराने की मांग की। आधे घंटे तक प्रदर्शन करने के बाद भी कोई अधिकारी वहां नहीं पहुंचा तो मायूस होकर छात्र प्रदर्शन समाप्त कर लौट गए। प्रधानाचार्य ने बताया कि अवैध नाले के संबंध में कई बार शिकायत करने के बावजूद कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है।