11वीं के नंबर जोड़ने की पॉलिसी से खुश नहीं छात्र
मेरठ। सीबीएसई ने 12वीं का रिजल्ट जारी करने के लिए सभी स्कूलों से 10वीं, 11वीं और 12वीं की प्री बोर्ड परीक्षाओं का डाटा मांगा है। सभी स्कूलों को यह डाटा आठ जुलाई तक सीबीएसई को भेजना है। वहीं, रिजल्ट तैयार करने के लिए 11वीं के अंकों को जोड़ने की पॉलिसी को शिक्षकों ने सही फार्मूला बताया तो विद्यार्थी इससे नाखुश दिखाई दिए।
जिले में सीबीएसई के 147 स्कूल हैं। इनमें 15 हजार के करीब विद्यार्थी हैं। सभी की नजरें रिजल्ट को लेकर बृहस्पतिवार को सीबीएसई की गाइडलाइन पर लगी हुईं थी। छात्र अक्षत बताते हैं कि 11वीं के नंबर रिजल्ट में जोड़ना सही नहीं है। छात्र दक्ष का कहना है कि जरूरी नहीं है कि जिन छात्रों के नंबर 10वीं में खराब थे, उनके 12वीं में भी ऐसे ही आएं। ऐसे में ये फॉर्मूला ठीक नहीं है। छात्र गौरव का कहना है कि मैंने 11वीं की परीक्षा पर कम ध्यान दिया क्योंकि मुझे मेडिकल में जाना है, इसलिए मैं उसकी कोचिंग ले रहा था। ऐसे में मेरे तो कम नंबर आएंगे, ये फॉर्मूला ठीक नहीं है। छात्रा गौरी का कहना है कि 11वीं में बहुत से छात्र उतने गंभीर नहीं होते हैं, जितने 12वीं की परीक्षा में। ऐसे में उसके नंबर मिलेंगे तो रिजल्ट सही नहीं आएगा।
पूरे देश के स्कूलों को देखते हुए बनाया फार्मूला
रिजल्ट जारी करने के लिए कोई एक पॉलिसी बनाई जानी जरूरी थी, जिससे छात्रों के बोर्ड नंबरों का आकलन हो सके। इसी वजह से 10वीं के नंबरों को इसमें रखा गया है। फॉर्मूला पूरे देश के स्कूलों को देखते हुए बनाया गया है। - सुधांशु शेखर, सिटी कोआर्डिनेटर सीबीएसई एवं प्रधानाचार्य केएल इंटरनेशनल
परीक्षा होने से ही मिलती संतुष्टि
विद्यार्थियों के स्वास्थ्य को देखते हुए परीक्षाएं रद्द की गई हैं। जो फार्मूला बनाया गया है वह सही है। विद्यार्थियों को परीक्षा होने के बाद जारी रिजल्ट से ही संतुष्टि मिलती।
- एके दुबे, प्रधानाचार्य दीवान पब्लिक स्कूल
सही आएगा रिजल्ट
रिजल्ट का यह एक बैलेंस फॉर्मूला बनाया गया है, जिसमें 10वीं, 11वीं और 12 के प्री परीक्षा के नंबरों को लिया गया है। इससे सही रिजल्ट आएगा।
- राहुल केसरवानी, सहोदय संस्था
जल्द होगी सिटी कोआर्डिनेटर के साथ बैठक
सीबीएसई की तरफ से जल्द ही सभी सिटी कोआर्डिनेटर के साथ ऑनलाइन डाटा प्रजेंटेशन को लेकर बैठक होगी। जिसके बाद सभी स्कूलों को निर्देश दिए जाएंगे। स्कूलों ने बृहस्पतिवार को रिजल्ट जारी करने को लेकर सीबीएसई की गाइडलाइन का अध्ययन करने के बाद प्रक्रिया शुरू कर दी है।