- प्रेशर कुकर के मानकों पर हुई लेखन प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
रोहटा। पूठखास स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में बुधवार को भारतीय मानक ब्यूरो गाजियाबाद शाखा कार्यालय के तत्वावधान में मानक लेखन प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतियोगिता का विषय प्रेशर कुकर रहा। छात्र-छात्राओं ने प्रेशर कुकर के निर्धारित मानकों और सुरक्षा संबंधी पहलुओं पर अपने विचार लिखे।
शुभारंभ राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय अध्यक्ष विपिन भारद्वाज, केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़, हरियाणा के प्रोफेसर प्रशांत कुमार, प्रधानाचार्य योगेंद्र सिंह और बीआईएस के मुकुंद वल्लभ शर्मा ने संयुक्त रूप से किया। विपिन भारद्वाज ने बीआईएस की ओर से आयोजित कार्यक्रमों को ज्ञानवर्धक बताया। प्रधानाचार्य योगेंद्र सिंह ने छात्र-छात्राओं को भारतीय मानक ब्यूरो के महत्व और दैनिक जीवन में आईएसआई मार्क की उपयोगिता के बारे में बताया। बीआईएस के संदर्भ व्यक्ति मुकुंद वल्लभ शर्मा ने कुकर के वजन, बाहरी खोल की गुणवत्ता, अंदरूनी हिस्सों और इस्तेमाल होने वाली सामग्री से जुड़े मानकों के बारे में बताया। साथ ही बीआईएस केयर एप के माध्यम से असली आईएसआई मार्क की पहचान करने की जानकारी दी।
निर्णायक पुष्पेंद्र सिंह रहे। प्रतियोगिता में मानवी, कसफ और अश्वनी ने प्रथम, नेहा और वंश ने द्वितीय, देवांश, अनिकेत और सिमरन ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। इस अवसर पर प्रीति राठी, धर्मेंद्र सिंह, पूजा तेवतिया, ज्योति, डोली, शिखा, अफजाल और त्रिलोक जोशी मौजूद रहे। विचित्र कुमार ने आभार जताया।