विश्वविद्यालय ने 15 अक्तूबर तक छात्रों से आपत्ति मांगी, इसके बाद स्वीकार नहीं होगा दावा
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय सत्र 2024-25 की संस्थागत, व्यक्तिगत, व्यावसायिक और भूतपूर्व परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाएं और ओएमआर शीट 26 अक्टूबर के बाद नष्ट करेगा। विश्वविद्यालय ने छात्रों को उत्तर पुस्तिकाओं से संबंधित किसी भी आपत्ति या दावे के लिए 15 अक्टूबर तक का समय दिया है।
विश्वविद्यालय के उत्तर पुस्तिका अनुभाग की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार सत्र 2024-25 की समस्त परीक्षाओं की उत्तर पुस्तिकाएं और ओएमआर शीट नष्ट की जाएंगी। इसमें स्पेशल पेपर और दिसंबर 2025 की परीक्षा शामिल नहीं है। यदि किसी परीक्षार्थी को अपनी उत्तर पुस्तिका के संबंध में कोई आपत्ति है तो वह संबंधित प्राचार्य या केंद्र व्यवस्थापक के माध्यम से प्रमाण सहित प्रार्थना-पत्र 15 अक्टूबर 2026 तक उत्तर पुस्तिका अनुभाग में प्रस्तुत कर सकता है।
निर्धारित तिथि के बाद उत्तर पुस्तिकाएं और ओएमआर नष्ट कर दी जाएंगी। इसके बाद इनके संबंध में किसी परीक्षार्थी के प्रत्यावेदन पर विचार नहीं किया जाएगा और न ही कोई दावा मान्य होगा। विश्वविद्यालय ने संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि यदि किसी न्यायालयीन मामले में किसी उत्तर पुस्तिका की आवश्यकता हो तो उसका विवरण उत्तर पुस्तिका अनुभाग को उपलब्ध कराकर संबंधित उत्तर पुस्तिका को सुरक्षित रखा जाए।