मेरठ डिस्ट्रिक्ट रोलर स्केटिंग एसोसिएशन के तत्वावधान में रविवार को द आर्यन स्कूल में इंटर स्कूल रिंग रेस रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप का भव्य आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विभिन्न विद्यालयों के लगभग 200 स्केटर्स ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गान के साथ हुआ। इसके पश्चात मुख्य अतिथि अनिल शर्मा, सर्वेश शर्मा, मनोज कुमार एवं प्रीति मल्होत्रा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर सीटी बजाकर प्रतियोगिता का उद्घाटन किया।
चैंपियनशिप में एडजेस्टेबल, कार्ड्स तथा इनलाइन स्केट रेस का आयोजन किया गया, जिसमें अंडर-4 से लेकर अंडर-16 आयु वर्ग के बालक -बालिकाओं ने प्रदर्शन किया। इनलाइन स्पीड स्केटर्स ने अपनी तेज रफ्तार से दर्शकों को रोमांचित कर दिया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया। चैंपियनशिप में डीपीएस मोदीनगर, आर्मी पब्लिक स्कूल, सेंट मैरी, राधा गोविंद, जीडी गोयनका, अध्ययन स्कूल, जेएस एकेडमी, सेंट फ्रांसिस तथा गोल्डन फिश आर्मी स्कूल के विद्यार्थियों ने भाग लिया। कार्यक्रम का संचालन सीमा समर ने किया। करण गुप्ता, रहीम, देवकीनंदन, सोहन वर्मा, आकाश गुप्ता, रवि गुप्ता सहित अनेक खेल प्रेमी उपस्थित रहे।