- विद्यालय प्रशासन ने सात छात्रों को चिह्नित कर एक सप्ताह के लिए घर भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय में रविवार रात कक्षा दसवीं के छात्र और गार्ड के बीच मोबाइल फोन को लेकर कहासुनी हो गई। छात्र से मोबाइल लेने पर विवाद बढ़ गया। छात्र के समर्थन में अन्य छात्रों ने गार्ड को घेरकर हंगामा कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति संभाली। विद्यालय प्रशासन ने हंगामे और गार्ड से मारपीट के मामले में शामिल सात छात्रों को चिह्नित कर एक सप्ताह के लिए घर भेज दिया।
कक्षा दसवीं का एक छात्र विद्यालय में चोरी-छिपे मोबाइल फोन का इस्तेमाल कर रहा था। चेकिंग के दौरान गार्ड ने छात्र से मोबाइल लेकर अपने कब्जे में ले लिया। इसी बात पर छात्र और गार्ड के बीच कहासुनी हो गई। कुछ अन्य छात्र भी वहां पहुंच गए और गार्ड को घेर लिया। आरोप है कि छात्रों ने गार्ड से मोबाइल वापस ले लिया और उसके साथ कहासुनी करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
मामला बढ़ते देख विद्यालय प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाकर मामला शांत कराया। विद्यालय प्रशासन ने हंगामा करने और गार्ड के साथ मारपीट करने में शामिल सात छात्रों को चिह्नित कर एक सप्ताह के लिए घर भेज दिया। छात्रों का दावा है कि सातों को निलंबित किया गया है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।
प्रधानाचार्य महेश कुमार का कहना है कि चेकिंग के दौरान कुछ छात्रों पर मोबाइल पकड़ा गया है। इस कारण छात्रों ने विरोध किया। सात छात्रों को चिह्नित करते हुए परिजनों को सूचना देकर अवकाश पर घर भेज दिया है।