यूपी के मेरठ में आज सुबह एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने साइकिल सवार छात्र की जान ले ली। छात्र अपने स्कूल जा रहा था कि एक बस ने उसकी साइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि छात्र की मौके पर ही मौत हो गई। छात्र की मौत की खबर सुनकर विद्यालय के अन्य छात्र सड़क उतर आए और रोड जाम कर दिया। वहीं पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
घटना सुबह सात बजे की है। टीपीनगर थाना क्षेत्र के नजदीक एक छात्र साइकिल पर अपने स्कूल जा रहा था कि तभी अतुल माहेश्वरी पुल दिल्ली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार बस ने उसकी साइकिल में टक्कर मार दी और वह साइकिल सहित सड़कर पर कुछ दूर तक घिसटता चला गया। लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने छात्र को लहूलुहान अवस्था में अस्पताल पहुंचाया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस दर्दनाक मौत से आसपास हड़कंप मच गया।
डीएन कॉलेज में कक्षा 9 में पढ़ने वाला आर्यन पुत्र मनोज मोहकमपुर में अपनी ननिहाल में रहता है। वह और उसका भाई दोनों एक ही क्लास में पढ़ते हैं और हर रोज एक ही साथ स्कूल जाते हैं लेकिन आज वह अकेला ही सुबह सात बजे साइकिल लेकर स्कूल के लिए निकला था। लेकिन इसी बीच वह इस दर्दनाक हादसे का शिकार हो गया। छात्र की मौत पर परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं मां व भाई का रो-रोकर बुरा हाल है।
उधर छात्र की मौत की खबर सुनते ही कॉलेज के सैंकड़ो छात्र घंटाघर चौक पर जमा हो गए और रोड जाम कर दिया। छात्रों ने जमकर हंगामा किया। छात्रों के मुताबिक उन्हें घटनास्थल पर जाने से रोका गया। छात्रों के अनुसार यदि सही समय पर एम्बुलेंस मिल जाती तो छात्र को बचाया जा सकता था। छात्रों ने बस चालक की तुरंत गिरफ्तारी की भी मांग की है। पुलिस ने छात्रों को समझाने की कोशिश की लेकिन वह नहीं माने। पुलिस मौके पर मौजूद है।
शहर से लेकर देश तक की ताजा खबरें व वीडियो देखने लिए हमारे इस फेसबुक पेज को लाइक करें
https://www.facebook.com/AuNewsMeerut/