मेरठ। इंस्टाग्राम पर कहासुनी के बाद कुछ युवकों ने एक छात्र को घेरकर पीट दिया। घायल छात्र का स्कूल के शिक्षकों ने एक निजी अस्पताल में उपचार कराया। हमलावरों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर परिजनों ने सदर बाजार थाने पर हंगामा किया। पुलिस आरोपियों की तलाश में लगी है।
थाना सदर बाजार क्षेत्र के रजबन बड़ा बाजार निवासी पीड़ित कक्षा 10 का छात्र है। उसकी इंस्टाग्राम पर एक युवक से कहासुनी हुई थी। बृहस्पतिवार को वह अपने दोस्त के साथ घर से स्कूल के लिए निकला था। स्कूल के पास पहुंचा तो वहां पहले खड़े आठ-दस युवकों ने घेर लिया और उसकी व उसके दोस्त की पिटाई करनी शुरू कर दी। इसी दौरान एक हमलावर ने छात्र के सिर पर हाथ में पहने कड़े से हमला कर दिया। छात्र लहूलुहान हो गया और बेहोशी की हालत में सड़क पर गिर गया। उसे देखकर हमलावर भाग गए। सूचना पर स्कूल के कुछ शिक्षक बाहर आए और छात्र को उठाकर एक डॉक्टर के यहां लेकर जाकर उसका उपचार कराया।
जानकारी पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। पुलिस को सूचना दी, मगर पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। शुक्रवार को आरोपियों पर कार्रवाई नहीं होने पर छात्र के परिजनों ने थाने पर हंगामा किया। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह ने बताया कि छात्र के परिजनों की तरफ से तहरीर मिली है। आरोपी युवक भी छात्र बताए गए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज की मदद से हमलावरों को तलाश रही है।