भामौरी में शादी समारोह में महिलाओं से छेड़छाड़ के बाद संघर्ष, तीन घायल
सरधना। भामौरी गांव में युवती और महिला के साथ छेड़छाड़ को लेकर हुई मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने दोनो पक्षों से तहरीर मिलने पर मामले की जांच शुरू की।
गांव में शनिवार शाम शादी समारोह के दौरान दोनो पक्षों ने एक-दूसरे पक्ष की युवती और महिला के साथ छेड़छाड़ किए जाने का आरोप लगाया। इसको लेकर सोनू, मोनू पुत्र कृष्णपाल और बिजेंद्र पुत्र शीशराम के बीच कहासुनी हो गई। मामला बढ़ने पर दोनो पक्षों में लाठी डंडे और धारदार हथियार चले। एक पक्ष से बिजेंद्र व दूसरे पक्ष से सोनू व मोनू घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। समाचार लिखे जाने तक रिपोर्ट दर्ज नहीं हो सकी थी।
साइबर कैफे से लाखों का सामान चोरी
सरूरपुर। थाने से चंद कदम की दूरी पर स्थित साइबर कैफे में कुंबल कर शुक्रवार रात चोरों ने लाखों रुपये कीमत का सामान चोरी कर लिया। पुलिस ने मामले में एफआईआर दर्ज की है। कस्बा स्थित हाईटेक कम्प्यूटर सेंटर की दीवार में चोरों ने कुबंल किया। यहां से चोर चार बैटरी, पांच लैपटॉप तीन कंप्यूटर व अन्य सामान ले गए। शनिवार सुबह दुकान खोलने पर घटना की जानकारी हुई। दुकानदार सहदेव ने बताया कि करीब तीन लाख रुपये का सामान चोरी हुआ है। पीड़ित ने बताया कि बीते पांच साल में उसकी दुकान में तीसरी बार चोरी हुई है।
हमले के आरोप में तीन पर रिपोर्ट दर्ज
सरूरपुर। गांव खेड़ी कलां में सोते हुए युवक पर जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। जानकारी के अनुसार, 25 जून की रात गांव निवासी नफीस पुत्र वाजिद अली घर के अंदर सो रहा था। रात में कुछ हमलावर दीवार फांद कर घर में घुसे और नफीस के सिर में धारदार हथियार से हमला कर हत्या का प्रयास किया। गंभीर रूप से घायल युवक का मेरठ के अस्पताल में उपचार चल रहा है। फिलहाल वह कोमा में है। मामले में घायल युवक के भाई जमालो ने गांव के ही गफ्फार पुत्र गुलाम रसूल और उसके भतीजों मुरसलीन व मूसा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश में दबिश देनी शुरू कर दी है।