कई स्थानों पर बंद मिली स्ट्रीट लाइट, सुपरवाइजर को दी चेतावनी
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। नगर की पथ प्रकाश व्यवस्था (स्ट्रीट लाइट) को परखने के लिए पालिका परिषद के अधिशासी अधिकारी कृष्ण कांत मिश्रा ने बृहस्पतिवार रात को नगर के मुख्य मार्गों व वीआईसी रोड का औचक निरीक्षण किया। कई स्थानों पर लाइटें बंद मिलने पर उन्होंने जिम्मेदार सुपरवाइजर और कर्मियों को सख्त चेतावनी दी।
निरीक्षण के दौरान ईओ ने पथ प्रकाश सुपरवाइजर को कड़े निर्देश दिए कि शहर में जहां भी लाइटें बंद पड़ी हैं, उन्हें तत्काल दुरुस्त कर चालू कराया जाए।
अधिशासी अधिकारी ने सबसे पहले नगर पालिका कार्यालय से थाना तिराहा, फलावदा तिराहा, सुभाष चौक और मिल रोड तक पैदल और वाहन से भ्रमण कर पालिका द्वारा लगाई गई स्ट्रीट लाइटों की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान कई स्थानों पर लाइटें बंद मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई और संबंधित कर्मचारियों की जवाबदेही तय की।
ईओ ने कहा कि रात्रि के समय नागरिकों और राहगीरों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए सभी मुख्य मार्गों और संवेदनशील चौराहों पर पर्याप्त रोशनी व्यवस्था अनिवार्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि लापरवाही बरतने पर संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।