मेरठ। कांवड़ यात्रा के दौरान भी शहर की पथ प्रकाश व्यवस्था में सुधार नहीं हो रहा है। जहां नगर निगम के अधिकारी एलईडी लाइटें ठीक करने और नई लाइटें लगाने का काम ईईएसएल कंपनी को दिए जाने की बात कर रहे हैं वहीं कंपनी का कोई भी अधिकारी मेरठ नगर निगम में बैठता ही नहीं है। जिसके कारण पथ प्रकाश व्यवस्था पटरी से उतरी हुई है।
दो दिन बाद शहर की सड़कों पर कांवड़ियों का सैलाब उमड़ने वाला है, लेकिन इसके बावजूद शहर के मुख्य मार्ग रुड़की रोड, दिल्ली रोड, मवाना रोड, हापुड़ रोड, बिजली बंबा बाईपास मार्ग, कंकरखेड़ा मार्ग और बागपत रोड पर लगी ज्यादातर एलईडी लाइटें खराब पड़ी हैं। इन लाइटों को ठीक करने की व्यवस्था नहीं की जा रही है। नगर निगम पथ प्रकाश विभाग में शिकायतों के अंबार हैं। सड़कों पर अंधेरे के कारण लोग तो पहले से ही परेशान हैं अब कांवड़ यात्रा के दौरान भी कांवड़ियों को इसका खामियाजा भुगतना होगा।
नहीं बदला बिजली बंबा का ट्रांसफार्मर
बिजली बंबा बाईपास पर पिछले चार दिन से अंधेरा पसरा हुआ है। निगम के पथ प्रकाश इंस्पेक्टर राजेश चौहान के मुताबिक बाईपास पर मिल्लत हाउसिंग सोसायटी के निकट रखा ट्रांसफार्मर खराब पड़ा हुआ है। उनका कहना है कि वे कई बार पीवीवीएनएल अधिकारियों बता चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हो रही है। जबकि कांवड़ यात्रा के दौरान बिजली बंबा बाईपास पर वाहनों का लोड बढ़ेगा। ऐसे में अंधेरे के चलते वाहन चालकों को परेशानी उठानी पड़ेगी।
लाइटों को ठीक किए जाने की सूचना है
कुछ लाइटों को ठीक करने का काम शुरू किए जाने की सूचना है। वैसे भी निगम की तरफ से ईईएसएल को जनता की शिकायतों से जुड़े पत्र जाते रहे हैं। यह बात सही है कि अगर कंपनी के लोग प्रतिदिन चार-पांच घंटे निगम में बैठना शुरू कर दें तो समस्या का समाधान समय से होता रहेगा।
अमित सिंह, अपर नगरायुक्त।