मेरे पापा को बचा लो, उनके ऊपर पेड़ गिर गया
दौराला में बुधवार को अचानक मौसम में आया बदलाव आफत लेकर आया। रुहासा निवासी किसान अमित की पेड़ गिरने से मौत हो गई। वह बाइक से बेटे विहान के साथ दौराला से गांव आ रहा था। बड़कली गांव के बाहर अमित के ऊपर पेड़ गिरने के बाद नौ वर्षीय बेटा विहान करीब दो किमी दौड़कर बड़कली गांव पहुंचा।
बच्चे ने रोते हुए ग्रामीणों से कहा मेरे पापा को बचा लो, उनके ऊपर पेड़ गिर गया है। ग्रामीणों ने पुलिस आदि को सूचना दी। दो घंटे तक ग्रामीणों ने इंतजार किया, लेकिन कोई सहायत के लिए नहीं पहुंचा। पेड़ के नीचे दबे अमित ने दम तोड़ दिया।ग्रामीणों ने खुद ही किसी तरह अमित के शव को पेड़ के नीचे से निकाला। तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। पत्नी प्रीति और बच्चों का रोकर बुरा हाल है। मृतक के तीन बच्चे हैं।
पीएल शर्मा रोड पर पंचमुखी हनुमान मंदिर के पास निर्माणाधीन काॅम्पलेक्स की दीवार गिरी
एनएच 34 पर गंगानगर क्षेत्र में वर्कशॉप के पास बरगद का पेड़ तेज आंधी बारिश से सड़क पर गिर गया। पेड़ की चपेट में एक बाइक सवार व्यक्ति भी आ गया, आसपास के लोगों ने किसी तरह उसे बाहर निकला। हेलमेट पहने होने की वजह से उसके कंधे पर ही चोट आई। पेड़ से 33 हजार केवी लाइन का खंबा भी टूट गया। इसके चलते हाईवे पर जाम लग गया। गंगानगर डिवाइडर रोड पर करीब एक दर्जन पेड़ क्षतिग्रस्त हो गए।
मेरठ में आंधी-बारिश का कहर
- फोटो : अमर उजाला
200 साल पुराना बड़ का पेड़ गिरा
कंकरखेड़ा कस्बा चौकी के पास कैंट फ्लाईओवर के ऊपर तेज आंधी के कारण 200 साल पुराना बड़ का पेड़ सड़क पर गिर गया। जाम की स्थिति बन गई। सूचना पर चौकी प्रभारी विनीत कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने रूट डायवर्ट करवा कर वाहनों को फ्लाईओवर के नीचे से निकाला।
अवैध यूनिपोल जान के दुश्मन बनकर गिरे
तूफान में शहर में लगे अवैध यूनिपोल जान के दुश्मन बन कर गिरे हैं। नगर निगम के दस्तावेज में शहर में केवल 361 यूनिपोल ही लगे दर्शाए गए हैं, जबकि शहर में 1200 से अधिक अवैध यूनिपोल लगे हैं। इनमें कई अवैध हैं। शहर से लेकर बाईपास हाईवे पर बीस से अधिक यूनिपोल गिरे हैं, जिससे सबसे ज्यादा नुकसान हुआ है।
यह भी पढ़ें: अंधेरे में बुझ गई जिंदगी: आंधी-बारिश में गिरे पेड़ से टकराई बाइक, ड्यूटी से लौट रहे हेड कांस्टेबल पुष्पेंद्र
मेरठ में आंधी-बारिश का कहर
- फोटो : अमर उजाला
नौचंदी मेले में लगे कई झूले टूटे, दो लोग हुए घायल
शहर में नौचंदी मेले में लगे कई झूले टूट गए। नौचंदी मेले में लगे तमाम झूले गिर गए। बड़े झूले की चपेट में आकर जाकिर कालोनी निवासी शब्बाे और मोहम्मद नियाज घायल हो गए। विभिन्न स्थानों पर पेड़ और यूनिपोल व होर्डिंग्स गिर गए।
कई मकानों की दीवार भी गिर गईं, इसमें आठ लोग घायल हो गए। करीब 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चली आंधी और फिर बारिश होने के बाद पूरे शहर की व्यवस्था पटरी से उतर गई। पेड़ों के गिरने से सड़कों पर जाम लग गया। बिजली के खंबे टूटने से शहर से लेकर पूरे जनपद में बिजली आपूर्ति ठप हो गई। कई जगह पर ओले भी पड़े हैं।
बुधवार शाम के समय शुरू हुई आंधी ने अफरातफरी मचा दी। करीब 50 मिनट तक आंधी, तूफान और बारिश से मौसम बदल गया। आंधी की रफ्तार करीब 60 किमी प्रति घंटे की रही। आंधी की रफ्तार ज्यादा होने के कारण बाहर निकलना भी मुश्किल हो रहा था। आंधी और बारिश ने हर किसी को परेशान कर दिया। झमाझम बारिश और ऊपर से बिजली की तड़तड़ाहट के साथ आई आंधी ने मौसम के तेवर तल्ख कर दिए।
बारिश ने गर्मी से तो राहत दे दी, लेकिन यह आफत बनकर आई। मवाना क्षेत्र में ओले पड़े और अन्य जगह पर भी ओले पड़े। शहर में पीएल शर्मा रोड पर छह वाहन काम्पलैक्स की दीवार गिरने से दब गए। रेलवे रोड चौराहे पर भी होर्डिंग गिरने से यहां पर यातायात पुलिसकर्मियों ने व्यवस्था संभाली। होर्डिंग को एक किनारे में खड़ा किया गया।
रेल यातायात एक घंटे रहा प्रभावित नमो भारत भी खड़ी हो गई
दिल्ली एनसीआर में आए बुधवार शाम लगभग सात बजे आए आंधी तूफान के कारण दिल्ली डिविजन का रेल यातायात प्रभावित हो गया। सुरक्षा की दृष्टि से रेलवे अधिकारियों ने जहां की तहां सभी ट्रेनें रोक दी। जहां कुछ ट्रेनें दिल्ली से ही रवाना नहीं की गईं।
वहीं कुछ ट्रेनें गाजियाबाद, मोदीनगर, मेरठ, मुजफ्फरनगर, सहारनपुर आदि स्टेशन और आसपास रोक दी। रेल यातायात लगभग एक घंटे प्रभावित रहा। इसके अलावा न्यू अशोकनगर से मेरठ साउथ के बीच चल रही नमो भारत ट्रेन को भी बीच रास्ते एक घंटे तक रोकना पड़ा। इस दौरान सभी यात्री ट्रेन में ही बैठे रहे। तूफान थमने के बाद ही ट्रेन को रवाना किया गया।
मेरठ शटल का रेल यातायात पटरी से उतरा
दिल्ली से मेरठ तक चलने वाली शटल ट्रेन यात्रियों को सुविधा देने की बजाय परेशानी बांट रही है। आए दिन दो से तीन घंटे देरी से चल रही ट्रेन के समय सुधार में रेलवे कोई दिलचस्पी नहीं ले रहा है। अब दैनिक रेल यात्रियों ने नार्दन रेलवे के डीआरएम से से शाम छह बजे नई दिल्ली से मेरठ कैंट स्टेशन के लिए नई ईएमयू की मांग की है।
खंभे टूटे, पेड़ों की शाखाएं टूटकर तारों के ऊपर आईं, तेज आंधी से शहर की बिजली हुई गुल
बुधवार रात आई तेज आंधी और बारिश के कारण शहर से लेकर देहात तक की बिजली गुल हो गई। रामलीला ग्राउंड बिजलीघर क्षेत्र में 33 केवी लाइन का विद्युत पोल 11 केवी लाइन के ऊपर आ गिरा। इसके अलावा कई क्षेत्रों में पेड़ों की शाखाएं टूटकर लाइनों पर आ गिरीं। मेरठ-बागपत जोन में विद्युत 100 से अधिक विद्युत पोल टूटकर गिर गए, इस कारण उपभोक्ताओं को भी परेशान होना पड़ा।
तेज आंधी की शुरू होते ही एहतियात के तोर पर शहर से लेकर देहात क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति को बंद कर दिया गया। तेज आंधी के कारण देहात और शहर दोनों जगह पर पोल क्षतिग्रस्त होने के कारण रातभर कई इलाकों में विद्युत आपूर्ति बाधित रही। पीवीवीएनल की एमडी ईशा दुहन ने माैके पर पहुंचकर व्यवस्था बहाल करने के निर्देश दिए।
यह भी पढ़ें: Meerut News Today Live: मेरठ और आसपास की ताजा और अहम खबरें, पढ़ें 22 मई को आपके शहर में क्या हुआ
आंधी बारिश में गिरे पेड़
- फोटो : अमर उजाला