दौलतराम कॉलोनी से कोयले से भरे वाहन गुजरने और स्टेशन पर उतारने का विरोध
लोगों ने प्रदूषण फैलाने का आरोप लगा जताया विरोध
पुलिस ने समझाकर शांत किया, चेताया, काॅलाेनी से नहीं निकलने देंगे
संवाद न्यूज एजेंसी
दौराला। रेलवे स्टेशन पर कोयला उतारने से फैल रहे प्रदूषण को लेकर उठे विवाद ने अब तूल पकड़ लिया है। शनिवार देर रात वार्ड-8 की दौलत राम कॉलोनी में लोगों ने कॉलोनी से गुजर रहे कोयले से भरे ट्रकों को रोक लिया और धरना देकर बैठ गए। नगर पंचायत अध्यक्ष समेत कई सभासद आदि लोग भी यहां पहुंच गए। पुलिस ने पहुंचकर लोगों को शांत किया और उचित कार्रवाई का भरोसा देकर माहौल शांत किया।
ओमकार उपाध्याय के नेतृत्व में कॉलोनी के शनिवार रात कॉलोनी में एकत्रित हो गए। लोगों ने स्टेशन से हाईवे की ओर दौलतराम कॉलोनी से गुजर रहे कोयला लदे ट्रकों का आवागमन रोक दिया और सड़क पर बैठकर धरना शुरू कर दिया। धरने में नगर पंचायत अध्यक्ष देवेंद्र चौधरी, सभासद मोंटू, रोहित, अनिल, नवीन शर्मा आदि भी पहुंच गए। लोगों का आरोप है कि रेलवे स्टेशन पर ट्रेनों से खुले में कोयला उतारकर ट्रकों में भरा जाता है, जिससे भारी धूल उड़ती है।
आसपास के इलाके में वायु प्रदूषण बढ़ रहा है। जिससे लोग परेशान हैं। उन्हें बीमारियां हो रही हैं। धूल सड़कों तक फैलने से राहगीरों को परेशानी हो रही है और दुर्घटना का खतरा भी बना है। क्षेत्र में कई स्कूल हैं, इनमें पढ़ने वाले बच्चों के स्वास्थ्य पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ रहा है। कॉलोनीवासियों का कहना था कि वह पहले ही उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, एसडीएम सरधना और स्टेशन मास्टर को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई की मांग कर चुके हैं लेकिन कार्रवाई नहीं हो रही। कॉलोनीवासियों ने चेतावनी दी कि यदि कॉलोनी के रास्ते से ट्रकों को निकाला गया तो बड़ा आंदोलन शुरू कर दिया जाएगा।