रास्ते के विवाद में पथराव और फायरिंग
जानीखुर्द। मेरठ-बागपत बाईपास के पास जमीन के विवाद में दो पक्षों में शनिवार को जमकर मारपीट हुई। एक पक्ष के आधा दर्जन लोगों को जमकर पीटा गया। आरोपियों ने पथराव और फायरिंग भी की। आरोप है कि हमलावर पेपर मिल के गार्ड की बंदूक छीनकर फरार हो गए। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घायल पक्ष ने घटना की तहरीर जानी थाने में दी है। वहीं, दूसरे पक्ष ने भी तहरीर दी है।
कमला नगर मेरठ निवासी सुमित गर्ग की मेरठ-बागपत बाईपास के पास जानकी पेपर मिल है। सुमित के मुताबिक, मिल के पीछे मेरठ निवासी पवन मित्तल, नीरज मित्तल, इंद्र गर्ग आदि की जमीन है। आरोप है यह सभी उसकी जमीन से रास्ता निकालना चाहते हैं। कोर्ट ने दोनों पक्षों को यथास्थिति बनाए रखने के निर्देश दिए हुए हैं।
शनिवार को दूसरे पक्ष ने उसकी जमीन पर रास्ता बनाना शुरू किया। विरोध किया तो आरोपियों ने पथराव करते हुए सुमित और पेपर मिल के गार्ड वीरेंद्र चौधरी सहित आधा दर्जन लोगों को मारपीट कर घायल कर दिया। आरोपी वीरेंद्र की बंदूक लूटकर फायरिंग करते हुए फरार हो गए। घायल सुमित व वीरेंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सुमित के भाई अमित की तहरीर पर पुलिस ने पुलिस ने पवन मित्तल, नीरज मित्तल, इंद्र गर्ग, टीटू उर्फ नरेंद्र, ललित और कपिल समेत अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
वहीं, दूसरे पक्ष ने अमित पक्ष के तीन नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। आरोप है कि अमित पक्ष की ओर से चलाई गई गोली से पवन मित्तल पक्ष का सुमित घायल हुआ है। कहा कि घटना के वक्त पवन मित्तल, नीरज मित्तल और इंद्र गर्ग मौके पर नहीं थे। विवाद उनके नौकर दिलदार और अमित पक्ष के बीच हुआ था।