दो पक्षों में चले लाठी डंडे, तीन घायल
सरधना। मढियाई गांव में रास्ते में कूड़ा डालने को लेकर दो पक्षों के लोग आमने सामने आ गए। देखते ही देखते जमकर लाठी डंडे चले और पथराव हो गया। संघर्ष में महिला समेत तीन लोग घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया। पुलिस ने दो लोगों को हिरासत में लेकर शांतिभंग में चालान कर दिया।
मढियाई गांव निवासी मोहसिन पुत्र मांगे ने बताया कि कुछ लोग उनके मकान के सामने कूड़ा डालते हैं। विरोध करने पर मारपीट पर उतारू हो जाते हैं। आरोपियों ने बृहस्पतिवार को फिर से कूड़ा डाला तो उन्होंने इसका विरोध किया। इस पर आरोपियों ने गाली गलौच शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्ष के लोग आमने सामने आ गए। दोनों में जमकर लाठी डंडे चले और पथराव हुआ। इससे मौके पर अफरातफरी मच गई। संघर्ष में गुलिस्ता, मोहसिन, ऊधम सिंह घायल हो गए। दोनों पक्षों ने एक दूसरे के खिलाफ कोतवाली में तहरीर दी। पुलिस ने आरोपी मोहसिन और ऊधम को हिरासत में ले लिया। बाद में उनका शांतिभंग में चालान कर दिया।