कायस्थ बड्ढ़ा गांव में प्लॉट के विवाद में चले लाठी डंडे, पथराव
किठौर। कायस्थ बड्ढ़ा गांव में बृहस्पतिवार दोपहर जमीन के विवाद में दो पक्षों में जमकर लाठी-डंडे चले और पथराव हुआ। वीडियो वायरल होने पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। आरोपियों ने पुलिस के सामने भी बवाल किया। इसके बाद फोर्स ने दोनों पक्षों को लाठी फटकारकर खदेड़ा। पथराव में कई लोग घायल हो गए।
इंस्पेक्टर अरविंद मोहन शर्मा ने बताया कि कायस्थ बड्ढ़ा में एक प्लॉट पर नाजिम, हाशिम पक्ष का 30 साल से कब्जा है। नाजिम पक्ष का कहना है कि उन्होंने प्लॉट जावेद से लिया था। जावेद की मौत के बाद उसके बेटों ने किसी अन्य व्यक्ति को उक्त प्लॉट की रजिस्ट्री कराते हुए उस पर अपना हक जमाना चाहा। बृहस्पतिवार को उक्त जमीन पर निर्माण को लेकर दोनों पक्षों में विवाद हो गया। गाली गलौज के बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठी डंडे चले और पथराव हुआ। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद भी दोनों पक्ष के लोगों में मारपीट होती रही। यह देख पुलिस ने आरोपियों को लाठी फटकारकर खदेड़ा। पुलिस ने दो घायलों को डॉक्टरी परीक्षण के लिए भेज दिया। पुलिस ने अपनी तरफ से सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट, पथराव व अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा पंजीकृत किया है। पुलिस ने फहीम, नईम, नाजिम, हाशिम को गिरफ्तार कर लिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि मामले में 18 लोगों को चिह्नित किया गया है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।