मेरठ। अनिल बंजी गिरोह के तस्करी के 1975 कारतूस पकड़े जाने के मामले में एसटीएफ की टीम देहरादून पहुंच गई। वहां राणा इंस्टीट्यूट ऑफ शूटिंग स्पोर्ट्स (आरआईएसएस) रेंज में निशानेबाज सक्षम मलिक के हॉस्टल पर ताला मिला। सुभाष राणा भी टीम को नहीं मिले। जांच में प्रकाश में आए गुड्डू चाचा नाम के व्यक्ति के बारे में भी एसटीएफ जानकारी जुटाने का प्रयास कर रही है।
एसटीएफ ने मंगलवार को अनिल बंजी गिरोह के सदस्य मुजफ्फरनगर के जौला गांव निवासी राशिद अली को पल्लवपुरम क्षेत्र से 12 बाेर के 1975 कारतूसों के साथ गिरफ्तार किया था। एएसपी बृजेश कुमार सिंह के मुताबिक आरोपी ने पूछताछ में बताया कि वह मुजफ्फरनगर में टैक्सी चलाने का काम करता है। देहरादून आदि जगह भी जाता रहता है। पल्लवपुरम निवासी सक्षम मलिक ने उसे 3 जनवरी को देहरादून की आरआईएसएस रेंज बुलाया था। वहां सुभाष राणा और गुड्डू चाचा ने उसकी गाड़ी में कारतूस रखे थे।
सक्षम मलिक ने उससे कहा था कि मेरठ पहुंचने पर एक व्यक्ति तुम्हें फोन करेगा। वह रुपये देकर कारतूस ले जाएगा। आरोपी के खिलाफ पल्लवपुरम थाने में आर्म्स एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज कराकर एसटीएफ ने उसे पुलिस के हवाले कर दिया था। इसके बाद मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में एसटीएफ जुट गई। एएसपी ने बृजेश कुमार सिंह का कहना है कि ये कारतूस कहां से लाए गए हैं, इसकी पड़ताल की जा रही है। हथियार तस्करी के इस मामले में अन्य आरोपियों को भी जल्द गिरफ्तार किया जाएगा।
-
सक्षम मलिक ने मोबाइल फोन भी बंद
एसटीएफ ने सक्षम मलिक के पल्लवपुरम स्थित पैसिफिक हाइट्स स्थित आवास पहुंची तो वहां भी ताला लगा मिला। उसका मोबाइल फोन भी बंद है। इसकी वजह से उसकी लोकेशन नहीं मिल पा रही है। एसटीएफ लगातार उसके ठिकानों पर दबिश दे रही है। उसके पकड़े जाने पर ही कारतूस तस्करी का पूरा सच सामने आएगा।
-
सामने आए हाई प्रोफाइल नाम
कारतूसों की तस्करी के मामले में कई हाई प्रोफाइल नाम सामने आए हैं। इस मामले में पकड़े गए राशिद के बयानों के मुताबिक एसटीएफ ने सुभाष राणा और सक्षम मलिक को भी आरोपी बनाया है। सुभाष राणा अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज पद्मश्री जसपाल राणा के भाई हैं। जसपाल राणा ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर के कोच हैं। सुभाष राणा भी अंतरराष्ट्रीय स्तर के निशानेबाज और द्रोणाचार्य अवार्डी हैं। वह भी रेंज में खिलाड़ियों को निशानेबाजी का प्रशिक्षण देते हैं। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे पंकज सिंह की शादी सुभाष राणा की बहन सुषमा राणा से हुई थी। सुषमा राणा भी अंतरराष्ट्रीय स्तर की निशानेबाज हैं।
-