सरधना। चौधरी चरण सिंह कांवड़ मार्ग पर गांव मानपुरी के सामने बाइक से अनियंत्रित होकर सड़क पर गिरे गांव कपसाड़ निवासी अनुज को ट्रक ने कुचल दिया। हादसे में उसके दो अन्य साथी गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मृतक अनुज का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव कपसाड़ निवासी अनुज पुत्र इंद्रपाल, नितिन पुत्र नरेश और थाना खतौीली के गांव चितौड़ा निवासी राहुल पुत्र सत्यपाल बाइक पर सवार होकर बृहस्पतिवार की सुबह किसी काम से सरधना गए थे। काम खत्म कर शाम को यह तीनों घर लौट रहे थे। जब वह गंगनहर कांवड़ मार्ग पर गांव मानपुर के सामने पहुंचे तो आग चल रही कार के चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। इस कारण इन युवकों की बाइक अनियंत्रित होकर सड़क पर गिर गई।
वहीं, सामने से तेजी गति में आ रहे ट्रक ने उन्हें कुचल दिया। हादसे में अनुज (30) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि उसके साथी राहुल व नितिन गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर मौजूद राहगीरों ने एंबुलेंस की मदद से घायलाें को सीएचसी में भर्ती कराया, जहां से दोनों घायलों की गंभीर हालत देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया। वहीं, मृतक अनुज के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सीओ सरधना संजय कुमार का कहना है कि मामले की तहरीर व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद कार्रवाई की जाएगी।
दो भाइयों में सबसे बड़ा था अनुज
गंगनहर कांवड़ मार्ग पर अनुज की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गय। परिजनों ने बताया कि अनुज थाना क्षेत्र के गांव मुल्हेड़ा का मूल निवासी है। बचपन में उसके पिता इंद्रपाल की मौत के बाद से वह अपनी मां के साथ अपने मामा के गांव कपसाड़ में रह रहा था। दो भाइयों में सबसे बड़ा था। ठेके पर जमीन लेकर खेती कर वह परिवार का पालन पोषण करता था। उसके दो बच्चे बेटी सोम्या (7) व बेटा कुश (5) है। पत्नी पूजा व मां सतेश शर्मा का रोकर बुरा हाल बना हुआ है।