एसटीएफ ने साल्वर गैंग का सरगना दबोचा
राजस्व लेखपाल मुख्य परीक्षा में सॉल्वर बैठाने का आरोपी है सुमित हेवा
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। एसटीएफ मेरठ ने राजस्व लेखपाल मुख्य परीक्षा में सॉल्वर बैठाने वाले गिरोह के सरगना बागपत के छपरौली थानाक्षेत्र के हेवा गांव निवासी सुमित हेवा को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया है। आरोपी को मुरादाबाद के मझोला थाना पुलिस को सौंप दिया गया है। मझोला थाने में आरोपी के खिलाफ पहले से कई मुकदमे दर्ज हैं।
एएसपी एसटीएफ बृजेश सिंह के मुताबिक, साल्वर गैंग से जुड़े लोगों की गिरफ्तारी के लिए अभियान चल रहा है। 31 जुलाई 2022 को लेखपाल भर्ती परीक्षा कराई गई थी। उस दौरान एसटीएफ मेरठ ने सॉल्वर गिरोह का भंडाफोड़ कर सोनीपत निवासी संजीत दहिया, नवीन मलिक, हेवा छपरौली निवासी विक्रांत, बड़ौत निवासी गौरव कुमार, सचिन, अंकित कुमार को गिरफ्तार किया था। आरोपी राहुल और सोमवीर ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। जबकि सुमित हेवा फरार चल रहा था। इस मामले में मुरादाबाद के मझोला थाने में मुकदमा लिखा गया था।
मुखबिर की सूचना पर बुधवार रात एसटीएफ मेरठ ने आरोपी सुमित हेवा को गाजियाबाद बस स्टैंड से गिरफ्तार किया। एएसपी बृजेश सिंह का कहना है कि सुमित शातिर है। वह सॉल्वर गैंग का सरगना बताया गया है। सन् 2018 से रेलवे ग्रुप डी में अभ्यर्थी की जगह साल्वर गैंग का सदस्य पकड़ा गया था। इसका भी सुमित हेवा से कनेक्शन बताया गया था।