प्रेस कॉन्फ्रेंस करते अधिकारी
- फोटो : अमर उजाला
मुखबिर की सूचना पर एसटीएफ मेरठ ने शुक्रवार की रात गढ़ रोड पर दुर्गापुरम, मेडिकल में छापा मारा। जहां से एक छात्रनेता कविराज निवासी शाहपुर श्योहारा बिजनौर को गिरफ्तार किया। उसके कमरे से मेडिकल कॉलेज बेगराज मंसूरपुर, मुजफ्फरनगर की एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की परीक्षा की लिखी हुई दो उत्तर पुस्तिकाएं मिलीं। पूछताछ में कविराज ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाएं बदलने में यूनिवर्सिटी के तीन कर्मचारी पवन कुमार, कपिल और संदीप शामिल हैं। इन तीनों आरोपियों को भी पकड़ लिया गया।
सीओ बृजेश सिंह के मुताबिक आरोपी कविराज ने बताया कि 1.20 लाख से 1.50 लाख रुपये में एक उत्तर कॉपी बदलने का सौदा होता था। 10 हजार रुपये यूनिवर्सिटी में संविदा कर्मचारी कपिल को जाते थे जो यूनिवर्सिटी की खाली उत्तर पुस्तिकाएं लाकर देता था। 35 से 65 हजार रुपये पवन, कपिल को जाते थे। पवन यूनिवर्सिटी का स्थायी कर्मचारी था, जोकि परीक्षा उत्तर पुस्तिका अनुभाग में तैनात था। कपिल संविदा कर्मचारी था। पवन व कपिल उत्तर पुस्तिकाओं का ऊपर का पेज छोड़कर अंदर की कॉपी हटाकर दूसरी कॉपियां लगाते थे। अभ्यर्थी द्वारा दी कॉपी फिर पुरानी उत्तर पुस्तिकाएं में पंच होकर अंदर रखी जाती थीं। वहीं, स्नातक और परास्नातक की कॉपी 10 से 20 हजार में बदली जाती थीं।
600 कॉपियां बदलना कबूला
आरोपियों ने बताया कि यूनिवर्सिटी में यह धंधा वर्ष 2014 से चल रहा है। हर साल 100 से 150 कॉपियां बदलना आम था। इन चार वर्षों में करीब 600 उत्तर पुस्तिकाएं बदलना आरोपियों ने कबूल किया है। एमबीबीएस की उत्तर पुस्तिकाएं बदलने में कर्मचारियों को अच्छा पैसा मिलता था। इस गिरोह में यूनिवर्सिटी के अधिकारियों के जुड़ने का भी अंदेशा जताया जा रहा है।
दरअसल, मेरठ विवि से जुड़े मेरठ मेडिकल कालेज में हर साल एमबीबीएस 150 सीटें, मुजफ्फरनगर मेडिकल कालेज की 100 सीटें, सरस्वती मेडिकल कालेज हापुड़, रामा कालेज हापुड़ तथा संतोष मेडिकल कालेज गाजियाबाद की सौ सीटें हैं जिनकी उत्तर पुस्तिकाएं भी मेरठ विवि में ही रखी जाती हैं। इसके अलावा सहारनपुर मेडिकल कालेज में भी सौ सीटें हैं पर इस कालेज का बैच अभी नहीं निकला है।
एसटीएफ के एसपी ने बताया कि हरियाणा निवासी संदीप की बेटी मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस द्वितीय वर्ष की छात्रा है। छात्रा से छात्रनेता कविराज की जान पहचान है। छात्रा अभ्यर्थी को कविराज से पास भेजती थी। उसके बाद कविराज सौदा करता था। कविराज अंबेडकर कॉलेज से बीए कर चुका है। फिलहाल वह यही धंधा कर रहा था।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
- कविराज पुत्र हरपाल सिंह
निवासी : शाहपुर श्योहारा बिजनौर
शिक्षा : बीए पास
हाल पता : जागृति विहार सेक्टर-3 मेडिकल
- कपिल कुमार पुत्र उदयराम सिंह
निवासी : गौतमनगर ब्रह्मपुरी
शिक्षा: इंटर
तैनाती : यूनिवर्सिटी में संविदा कर्मचारी
- संदीप कुमार पुत्र गुलचंद
निवासी जयभीमनगर, मेडिकल मेरठ
शिक्षा : पोस्ट ग्रेजुएट
तैनाती: यूनिवर्सिटी में संविदा कर्मचारी
- पवन कुमार पुत्र स्व. सुल्तान सिंह
निवासी: डी-18 यूनिवर्सिटी कैंपस
शिक्षा: पोस्ट ग्रेजुएट
तैनाती: पुस्तिका अनुभाग में इंचार्ज (स्थायी कर्मचारी)
आरोपियों पर यह हुई कार्रवाई
एसटीएफ ने चारों आरोपियों के खिलाफ मेडिकल थाने में मुकदमा दर्ज कराया है। वहीं, यूनिवर्सिटी प्रशासन ने स्थायी कर्मचारी पवन कुमार को सस्पेंड कर दिया। संविदा कर्मचारी कपिल, संदीप का कार्यकाल समाप्त कर दिया। इस मामले की जांच कराने के लिए यूनिवर्सिटी ने एक कमेटी गठित की है। देर रात विवि के और कर्मचारी चंद्रप्रकाश और सुलेख चंद के नाम भी मुकदमे में शामिल करते हुए एसटीएफ द्वारा तलाश शुरू कर दी गई।
ये हुआ बरामद
एमबीबीएस की लिखी हुई दो उत्तर पुस्तिकाएं, एक लाख पांच हजार रुपये, चार मोबाइल फोन, एक आधार कार्ड और एक आई कार्ड।