परविंदर के हत्यारोपियों से एसएसपी ने की पूछताछ
मोदीपुरम। दो माह पहले सकौती में जिम संचालक की गोली मारकर हत्या के मामले में शनिवार को हिरासत में लिए गए युवकों से एसएसपी और एसपी सिटी ने पूछताछ की। हालांकि मामले का पुलिस खुलासा कर चुकी है, लेकिन परिजन इससे संतुष्ट नहीं है।
सकौती निवासी परविंदर का मेरठ में जिम था। वह नगर निगम मेें ठेकेदारी का काम भी करता था। पूर्व में हिंदू युवा वाहिनी में मीडिया प्रभारी भी रह चुके थे। आठ सितंबर की सुबह परविंदर सैर के लिए निकले थे। नंगली मोड के पास बाइक सवार युवकों ने गोलियां बरसाकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने घटना का खुलासा कर आरोपियों को जेल भेज दिया था। बाद में दबथुआ निवासी युवक व अन्य को हिरासत में लिया गया था। जानकारी मिलने पर एसएसपी अजय साहनी व एसपी सिटी एएन सिंह युवकों से पूछताछ करने पहुंचे। उधर परविंदर के परिजन खुलासे से संतुष्ट नहीं हैं। उन्होंने आईजी रेंज से मिलकर सही खुलासा करने की मांग की थी। दौराला पुलिस ने इस मामले में शिवा मलिक पुत्र पुष्पेंद्र मलिक निवासी खेड़ीगनी थाना मुजफ्फरनगर, रजत राठी पुत्र सुधीर निवासी टिकरी थाना दोघट जनपद बागपत, अमित कुमार पुत्र सतबीर निवासी कुरमाली थाना बाबरी शामली को गिरफ्तार कर जेल भेजा था।