भाजपा नेत्री पूर्व एमएलसी डा. सरोजनी अग्रवाल सोमवार को लखनऊ में एमएलसी पद के लिए नामांकन कर रही थीं और मेरठ में उनके खिलाफ एसएसपी आफिस पर नारेबाजी हो रही थी। उनके पति और बेटी के साथ ही शामिल पांच अन्य बिल्डरों द्वारा समाजवादी आवासीय योजना के तहत सस्ते मकान देने के नाम पर लोगों से पैसा तो ले लिया गया, लेकिन अब सभी गायब हैं।
दौराला-लावड़ मार्ग पर समाजवादी आवासीय योजना आरवंस कलर सिटी के नाम से कालोनी विकसित करने की योजना 2016 में लांच हुई थी। इस योजना में सस्ते आवास देने के लिए कहा गया था। इसके लिए 25 हजार रुपये में आवासों की बुकिंग हुई थी। कुछ लोगों ने किश्तों पर आवास बुक कराये तो कुछ ने पूरा भुगतान कर दिया। इस बिल्डर ग्रुप में भाजपा नेत्री और पूर्व एमएलसी डा. सरोजनी अग्रवाल के पति डा. ओम प्रकाश, उनकी बेटी डा. नीमा अग्रवाल सहित पांच अन्य बिल्डर अनुराग गर्ग, आलोक रस्तोगी, रवि रस्तोगी, मनमोहन सपरा और अखिलेश चौहान शामिल थे। योजना में फ्लैट बुक कराने वालों ने एसएसपी आफिस पर प्रदर्शन करते हुए मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। इनमें महक सिंह, हरीश, वीरेंद्र सिंह, मुकेश कुमार, संजीव त्यागी आदि शामिल रहे।
हम बिल्डर ग्रुप में शामिल नहीं है, हमारी जमीन बिल्डरों ने ली थी। उन्होंने कहा था कि फ्लैट बेचकर जमीन के पैसे दे दिए जाएंगे। ऐसे में हम तो खुद इन बिल्डरों के चक्कर में फंसे हुए हैं।
डा. सरोजनी अग्रवाल, पूर्व एमएलसी