- कई बार नहीं पहुंचती मेरठ कैंट, सुबह नई दिल्ली जाने के लिए कैंट के यात्रियों के पास नहीं विकल्प
माई सिटी रिपोर्टर
मेरठ। रेलवे की लापरवाही का खामियाजा मेरठ कैंट से रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को भुगतना पड़ रहा है। मेरठ शटल के नाम से चलने वाली 14030 श्रीगंगानगर एक्सप्रेस पिछले करीब छह माह से लगातार देरी से चल रही है। यही नहीं, ट्रेन कई बार मेरठ कैंट स्टेशन पहुंचने की बजाय वापस मेरठ सिटी स्टेशन से ही रवाना हो रही है। इस कारण मेरठ कैंट स्टेशन से जाने वाले यात्रियों को मेरठ सिटी स्टेशन से ट्रेन पकड़नी पड़ रही है। सोमवार को भी यात्रियों को कैंट रेलवे स्टेशन से श्रीगंगानगर एक्सप्रेस नहीं मिल सकी।
दरअसल, मेरठ से दिल्ली तक चलने वाली मेरठ शटल पैसेंजर ट्रेन को रेलवे ने कुछ साल पहले श्रीगंगानगर तक विस्तारित कर दिया। अब यह 14030 ट्रेन मेरठ कैंट रेलवे स्टेशन से श्रीगंगानगर तक जाती है। वापसी में यह ट्रेन 54411 रेवाड़ी से मेरठ छावनी तक आती है। इसका नाम मेरठ छावनी पैसेंजर है। दोनों ही ट्रेनों का संचालन काफी समय से दो से चार घंटे तक देरी से हो रहा है। रविवार रात यह ट्रेन 12 बजे के बाद पहुंची तो रेलवे ने मेरठ कैंट रेलवे स्टेशन तक इस ट्रेन का संचालन रद कर दिया।
सोमवार को दैनिक रेल यात्री ट्रेन के निर्धारित समय सुबह 6:40 बजे से पहले मेरठ कैंट स्टेशन पर पहुंच गए। सूचना मिली कि रात में ट्रेन मेरठ कैंट स्टेशन आई ही नहीं। ट्रेन संचालन मेरठ सिटी रेलवे स्टेशन से किया जा रहा है। यह सूचना पाकर यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। कई यात्री ऑटो और बाइक से मेरठ सिटी स्टेशन की ओर दौड़े। इस भागदौड़ में कुछ यात्रियों की ट्रेन छूट गई। वहीं, अन्य यात्रियों को सहारनपुर और मुजफ्फरनगर की ओर से आने वाली मेमू ट्रेन का सहारा लेना पड़ा।
दैनिक यात्री अनिल, राकेश, सुनील कुमार, कुलदीप, कपिल आदि का कहना है कि 14030 श्रीगंगानगर एक्सप्रेस के अनियमित संचालन के कारण मेरठ कैंट स्टेशन से सुबह नई दिल्ली जाने वाले यात्री परेशान हैं। नौकरीपेशा लोगों, व्यापारियों और अन्य यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ रही है। यात्रियों की समस्या का समाधान मेरठ कैंट स्टेशन से सुबह नई दिल्ली जाने के लिए एक नियमित ईएमयू ट्रेन चलाकर हो सकता है। इस संबंध में मेरठ सिटी रेलवे स्टेशन अधीक्षक सुनील जैन का कहना है कि अगर रेवाड़ी से आने वाली ट्रेन रात में 12 बजे के बाद सिटी स्टेशन पर पहुंचती है तो दिल्ली के आदेश पर ट्रेन को छावनी रेलवे स्टेशन के लिए निरस्त कर दिया जाता है। सोमवार को भी इसी आदेश के बाद श्रीगंगानगर एक्सप्रेस ट्रेन को मेरठ सिटी रेलवे स्टेशन से रवाना किया गया है।