सरधना के युवक ने एक वर्ष पूर्व बागपत निवासी युवती से किया था प्रेम विवाह
अमर उजाला ब्यूरो
सरधना(मेरठ)। मोहल्ला कुम्हारान में बृहस्पतिवार सुबह एक महिला घर में बने शौचालय में गई। वहां उसे चंदनगोह (जहरीले जीव) ने काट लिया। उसके शोर मचाने पर परिजन दौडे़ तो चंदनगोह जाती दिखाई दी। परिजन उसे नगर के चिकित्सक के पास ले गए। वहां हालत गंभीर होने पर उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया। वहां उसकी मौत हो गई। परिजन शव लेकर घर पहुंचे और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। इसी दौरान उसके पति की तबीयत बिगड़ गई और कुछ देर में उसकी भी मौत हो गई। घर में दो मौत हो जाने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
मोहल्ला कुम्हारान निवासी सचिन पुत्र पप्पू ने एक वर्ष पूर्व बागपत की झंकार गली निवासी कोमल से प्रेम विवाह किया था। उसके लिए बृहस्पतिवार का दिन कहर बनकर आया। कोमल (23) सुबह में घर में बने शौचलय में गई। वहां उसे चंदनगोह ने काट लिया। उसने शोर मचाया। जिसे सुनकर सचिन व अन्य परिजन शौचालय की तरफ दौड़े। उन्होंने वहां से चंदनगोह को भागते देखा। इस पर परिजन कोमल को लेकर नगर के चिकित्सक के पास गए। उसने हालत गंभीर बताते हुए मेरठ के लिए रेफर कर दिया। परिजन कोमल को लेकर मेरठ पहुंचे तो चिकित्सकों ने हालत गंभीर बताई। इसी बीच कोमल ने दम तोड़ दिया। परिजन शव को लेकर घर पहुंचे और अंतिम संस्कार की तैयारी करने लगे। इसी दौरान सचिन की हालत बिगड़ गई ओर कुछ ही देर में उसने भी दम तोड़ दिया। एक साथ दो शवों के देख घर में कोहराम मच गया। वहीं, आसपास के लोग एकत्र हो गई। उधर, बागपत से कोमल के मायके वाले भी आ पहुंचे। यहां पर दोनों के परिजनों ने पुलिस कार्रवाई किए बिना शवों का अंतिम संस्कार कर दिया। उधर, नगर में चर्चा रही कि रात में पत्नी द्वारा जहर खा लेने पर पति ने भी खाकर आत्महत्या कर ली। हालांकि सच्चाई सामने आई तो हर कोई स्तब्ध रह गया। उधर, थाना प्रभारी धर्मेंद्र सिंह राठौर का कहना है कि इस संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।