स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में तैयार होंगे खिलाड़ी
मेरठ में यूपी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तैयार करने के लिए रिसर्च लेबोरेट्री भी होगी। जिसमें खिलाड़ी की सांस से लेकर हृदय गति और शरीर के अंगों पर रिसर्च होगी। स्पोर्ट्स साइंटिस्ट खिलाड़ियों के गिरते प्रदर्शन और खिलाड़ियों को मानसिक तौर पर मजबूत बनाने के लिए लैब में रिसर्च करेंगे। जिससे खिलाड़ियों के प्रदर्शन को सुधारा जा सके। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मेडल प्राप्त करने वाले कोच ही प्रशिक्षण देंगे।
एमडीए ने शताब्दीनगर में भूमि का प्रस्ताव भेजा
यूपी स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी के लिए जिला प्रशासन ने एमडीए द्वारा जमीन का प्रस्ताव शासन को भेज दिया है। जिसमें 25 एकड़ भूमि शताब्दीनगर में है, जबकि वेदव्यासपुरी में साढ़े सात एकड़ भूमि में बन रहा स्टेडियम शामिल है। एमडीए की भूमि पर यूनिवर्सिटी बनाने पर अंतिम मुहर शासन को लगानी है।
धन सिंह कोतवाल के नाम पर हो स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी
पथिक सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुखिया गुर्जर ने प्रदेश सरकार से प्रस्तावित स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का नाम क्रांति के नायक धनसिंह कोतवाल के नाम पर रखे जाने की मांग की है। उन्होंने बताया कि धनसिंह गुर्जर ने 10 मई, 1857 को ब्रिटिश हुकूमत के खिलाफ विद्रोह कर स्वतंत्रता संग्राम का आगाज किया था।
यह चिंगारी पूरे देश में फैल गई थी। इस संग्राम में कोतवाल धनसिंह समेत हजारों लोगों की शहादत हुई। इसलिए स्पोर्ट्स यूनिवर्सिटी का नाम कोतवाल धनसिंह गुर्जर के नाम पर रखकर उन्हें सच्ची श्रद्धांजलि दी जाए।