खेलो इंडिया योजना के तहत शुरू हुआ अभियान, प्राइमरी स्कूलों में गई टीम
-प्रशिक्षण देकर भविष्य के लिए तैयार करेगा
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। खेल विभाग की टीम स्कूलों में जाकर खिलाड़ियों को तलाशेगी। बच्चों को खेल से जोड़ा जाएगा। प्रतिभावान खिलाड़ियों को स्टेडियम में प्रशिक्षण देकर भविष्य के लिए तैयार किया जाएगा। खेलों इंडिया अभियान के तहत बुधवार से इसकी शुरूआत हो गई।
क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी जितेंद्र यादव के निर्देशन में बुधवार को खेलो इंडिया सेंटर के प्रशिक्षक गौरव त्यागी ने सूरजकुंड स्थित प्राथमिक विद्यालय में पहुंचकर अभियान की शुरूआत की। इस दौरान उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत बच्चों को शुरूआत से ही खेलों के प्रति जागरूक किया जाएगा। किस खेल में वह जाना चाहते हैं यह बच्चे के ऊपर छोड़ा गया। उन्होंने कहा कि बच्चों को स्कीम के तहत स्पोर्ट्स स्टेडियम आने के लिए जागरूक किया जाएगा। पहले दिन उन्होंने 50 से अधिक बच्चों को खेलों के प्रति जागरूक किया।
उन्होंने बताया कि खेलों में बढ़ावा देने के लिए बच्चों को स्टेडियम में निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा। बच्चों को केवल अपना कार्ड बनवाना पड़ेगा। करीब 200 रुपये शुल्क देकर वह खेलों में आ सकते हैं। भविष्य में उन्हें तैयार करने की जिम्मेदारी खेलो इंडिया सेंटर के कोच और खेल निदेशालय की होगी। इस मौके पर सीमा अग्रवाल, ऋतु गुप्ता, रैना कश्यप आदि भी मौजूद रही।
सभी बोर्ड के स्कूलों में जाएगी टीम
प्रशिक्षक गौरव त्यागी ने बताया कि टीम सरकारी और प्राइवेट सभी स्कूलों में जाएगी। प्रत्येक बोर्ड के विद्यार्थियों को इसमें जोड़ने का प्रयास किया जाएगा। उन्हें खेलों से मिलने वाले लाभ की जानकारी दी जाएगी।