खरखौदा (मेरठ)। राष्ट्रीय राजमार्ग मेरठ-बुलंदशहर पर गांव नालपुर स्थित एनसीआर मेडिकल काॅलेज के पास तेज रफ्तार कार ने ढाबे की दीवार तोड़ने के बाद मोपेड और बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो युवक घायल हो गए। घायल युवकों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पुलिस के अनुसार, सोमवार को दोपहर बाद 3:00 बजे मेरठ से हापुड़ की ओर तेज रफ्तार में कार आ रही थी। मेरठ-बुलंदशहर हाईवे पर गांव नालपुर स्थित एनसीआर मेडिकल काॅलेज के पास चालक का कार से नियंत्रण छूट गया और कार ने एक ढाबे की दीवार को तोड़ने के बाद मोपेड और बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार थाना लोहियानगर क्षेत्र के गांव जाहिदपुर निवासी बूंदी (60) पुत्र याकूब और उसका बेटा अमजद गंभीर रूप से घायल हो गए।
वहीं, मोपेड सवार प्रदीप पुत्र ओमप्रकाश निवासी नूरपुर बाबूगढ़ जनपद हापुड़ गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने लोगों की मदद से घायलों को एनसीआर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया। जहां चिकित्सकों ने बूंदी को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है।
सीओ किठौर प्रमोद कुमार सिंह का कहना है कि मामले में तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।