मवाना में मेरठ रोड पर हुआ हादसा
संवाद न्यूज एजेंसी
मवाना। मेरठ रोड पर एएस कॉलेज के पास सड़क हादसे में मोहल्ला कल्याण सिंह निवासी जीशान की मौत हो गई, जबकि उसका साथी अरशद घायल हो गया। मोहल्ला कल्याण सिंह निवासी जीशान (22) अपने दोस्त अरशद के साथ स्पेलंडर बाइक से रविवार देर रात 10.30 बजे आसपास मवाना की ओर से मेरठ की ओर जा रहे थे। जैसे ही वे मेरठ रोड पर स्थित एएस कॉलेज के पास पहुंचे, तो बाइक की रफ्तार तेज होने के कारण कॉलेज से पहले बने स्पीड ब्रेकर पर अनियंत्रित हो गई और आगे जाकर सड़क किनारे पर बिजली के खंभे से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आनन-फानन में जीशान को मेरठ अस्पताल के लिए ले जाया गया, लेकिन उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। वहीं घायल अरशद को उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया है।
मृतक जीशान अविवाहित था और तीन भाइयों में बीच के नंबर पर था। वह बाहर रहकर कपड़े की फेरी लगाने का काम करता था और दो-तीन दिन पहले ही मवाना आया था। जीशान की मौत से परिवार में मातम पसरा है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दोनों युवकों ने हेलमेट नहीं पहना हुआ था, जिसके चलते उन्हें गंभीर चोटें आईं। पुलिस ने जीशान के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
सीओ पंकज लवानिया का कहना है कि बहुत तेज गति में बाइक थी, स्पीड ब्रेकर पर बाइक उछलने के बाद अनियंत्रित हुई और खंभे से टकराई। जिसमें जीशान की मौत हो गई। परिजनों ने कोई तहरीर नहीं दी है।
-