‘रफ्तार ए आजादी’ तिरंगा बाइक रैली आज
सुबह 8 बजे मुख्य कार्यालय अमर उजाला मोहकमपुर से होगा शुभारंभ, पीवीएस पर समापन
अमर उजाला का अभिनव अभियान ‘मां तुझे प्रणाम’
मेरठ। अमर उजाला के अभिनव अभियान ‘मां तुझे प्रणाम’ के तहत ‘रफ्तार-ए-आजादी’ तिरंगा बाइक रैली का आयोजन आज सुबह 8 बजे से होगा। मोहकमपुर दिल्ली रोड स्थित अमर उजाला के मुख्य कार्यालय से बाइक रैली का शुभारंभ किया जायेगा और समापन पीवीएस मॉल शास्त्रीनगर पर होगा। बाइक रैली को लेकर शहर के युवाओं और महिलाओं में भारी जोश है। बड़ी संख्या में शहर के हर वर्ग और संगठन के लोग सहभागिता करेंगे।
ये होगा रूट
अमर उजाला के मोहकमपुर स्थित मुख्य कार्यालय से बाइक रैली शुरू होगी। यहां से रैली नवीन मंडी, ट्रांसपोर्ट नगर, दिल्ली चुंगी चौराहा, फुटबाल चौराहा, रेलवे रोड चौराहा, केसरगंज, भैसाली बस अड्डा, बेगमपुल चौराहा पहुंचेगी। वहां से मुड़ते हुए बेगमपुल रोड, बच्चा पार्क चौराहा, ईव्ज चौराहा, हापुड़ अड्डा चौराहा, गांधी आश्रम चौराहा होते हुए नई सड़क से सेंट्रल मार्केट के लिए मुड़ेगी। सेंट्रल मार्केट होते हुए सीधे शास्त्रीनगर मार्ग पर पहुंचकर पीवीएस मॉल पहुंचेगी।
ट्रैफिक नियमों का होगा पालन
बाइक रैली में सभी दुपहिया वाहन चालक हेलमेट लगाकर आएंगे। बिना हेलमेट रैली में चलने की अनुमति नहीं दी जाएगी। रैली शुरू होने के बाद बीच में किसी का भी प्रवेश नहीं होगा। बाइक या स्कूटी पर तीन लोग नहीं बैठेंगे और न कोई स्टंट आदि करेंगे। रैली में सिर्फ देशभक्ति के नारे ही लगाए जाएंगे।
ये होगा वाहनों का क्रम
बाइक रैली में सबसे आगे ट्रैफिक पुलिस की इंटरसेप्टर रहेगी। उसके पीछे साउंड सिस्टम लगी अमर उजाला की गाड़ी और उसके पीछे खुली जीप में बच्चे होंगे। इसके बाद ट्रैफिक पुलिस की महिला एंजिल, उनके बाद महिला बाइकर्स का ग्रुप और उनके पीछे शहर की महिलाएं और युवतियां स्कूटी पर रहेंगी। इनके पीछे ट्रैफिक पुलिस की मोबाइल बाइक (ट्रैमो) होगी और उनके पीछे बाइकर्स ग्रुप होंगे। इन सबके बाद शहर के युवाआें का काफिला रैली में रहेगा।
रैली में ये हैं मुख्य सहयोगी
भाजपा युवा मोर्चा, भाजपा महिला मोर्चा, यातायात पुलिस, महिला राइडर्स ‘धांसू दिल्ली द बाइकरनी’, सोल राइडर्स, रोड वारियर्स के साथ ही शहर के एनजीओ, महिला संगठनों की महिलाएं, सपा, बसपा, रालोद और कांग्रेस के युवा कार्यकर्ता बाइक रैली में शामिल होंगे। मिशिका ग्रुप का रोड सेफ्टी क्लब रूट में पड़ने वाले सभी चौराहों पर यातायात नियंत्रण में सहयोग करेगा, वहीं शहर के तमाम संगठनों के लोग और स्कूलों के छात्र पुष्प वर्षा करेंगे।