चांदपुर मार्गदुरुस्त नहीं होने पर प्रदर्शन करते सपा कार्यकर्ता स्रोत संवाद
हस्तिनापुर। पिछले लंबे समय से बिजनौर को जोड़ने वाले गंगा पुल के टूटे संपर्क मार्ग दुरुस्त न कराए जाने पर सपा नेता पूर्व प्रदेश सचिव किशोर वाल्मीकि व प्रदेश सचिव नरवैर सिंह खालसा के नेतृत्व में किसानों व राहगीरों के साथ विरोध-प्रदर्शन किया। उन्होंने क्षतिग्रस्त संपर्क मार्ग को बनवाने की मांग की।
हस्तिनापुर-चांदपुर (बिजनौर) को जोड़ने वाले गंगा पुल का संपर्क मार्ग दो साल से जर्जर और खस्ता हाल है, जिस पर चलना काफी मुश्किलों भरा हो रहा है। यहां हादसे के अंदेशे को देखते हुए सपा कार्यकर्ताओं ने स्थानीय किसानों के साथ विरोध-प्रदर्शन किया। सपा नेता किशोर वाल्मीकि ने कहा कि बीजेपी सरकार में करोड़ों का निवेश होने के बाद भी सड़क का निर्माण नहीं हो पा रहा है। इससे किसानों व राहगीरों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
सपा के प्रदेश सचिव सरदार नरवैर सिंह खालसा ने कहा संपर्क रोड को टूटे हुए करीब दो साल हो गए हैं। मगर अभी तक सड़क का निर्माण नहीं हुआ। किसानों को खेतों से मिलों तक गन्ना ले जाने में परेशानी हो रही है। उन्होंने चेताया कि अगर जल्द ही टूटा हुआ संपर्क मार्ग दुरुस्त नहीं किया गया तो सपा कार्यकर्ता धरना-प्रदर्शन और आंदोलन करेंगे। इस अवसर पर जुनैद कुरैशी, रूद्रप्रताप सिंह, दीपक सिंह, संदीप जाटव, राहुल वर्मा, गुरमीत सिंह, तुषार बुटार, लैविश, नीतीश आदि मौजूद रहे।