मेरठ। लोहियानगर में जमीन पर कब्जे को लेकर शनिवार को दोनों पक्षों में हुई तनातनी के बाद अब सोमवार को बीच का रास्ता निकाला जाएगा। मेडा के सभागार में अफसर और किसानों के बीच वार्ता होगी। हाल ही में लोहिया नगर के सिद्धार्थ एन्क्लेव में जमीन पर कब्जा लेने गई मेडा की टीम का किसानों ने विरोध कर दिया था। जेसीबी के आगे किसान लेट गए थे और कब्जा न देने पर अड़ गए थे। बाद में समझाने-बुझाने के बाद 15 हजार वर्ग मीटर जमीन पर मेडा की टीम अपने बोर्ड लगाकर लौट आई थी। किसान बढ़े हुए प्रतिकर, प्लॉट आदि की मांग पिछले काफी समय से कर रहे हैं। किसान नेता पॉपीन प्रधान ने बताया कि मेडा सचिव ने सोमवार को वार्ता के लिए बुलाया गया है।