इंस्पेक्टर बिजेंद्र राणा की जांच करेंगे एसपी ट्रैफिक
मेरठ। भ्रष्टाचार के आरोप में सस्पेंड इंस्पेक्टर बिजेंद्र पाल राणा के मामले की जांच एसपी ट्रैफिक को दी गई है। ये जांच हाईकोर्ट के आदेश पर एसएसपी ने दी। इंस्पेक्टर बिजेंद्र भी हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत लेकर मेरठ पुलिस लाइन में ड्यूटी कर रहे हैं।
तत्कालीन इंस्पेक्टर सदर बाजार बिजेंद्र पाल राणा और हेड कांस्टेबल मनमोहन सिंह के खिलाफ 30 अगस्त 2021 को सदर थाने में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा पंजीकृत हुआ था। 30 हजार की रिश्वत लेते हेड कांस्टेबल मनमोहन सिंह को रंगे हाथ पुलिस टीम ने पकड़ा और फिर जेल भिजवाया था। इंस्पेक्टर हाईकोर्ट से अग्रिम जमानत ले आए। इंस्पेक्टर चार महीने से सस्पेंड हैं।
इस प्रकरण की जांच सीओ क्राइम संजीव दीक्षित कर रहे थे। हाईकोर्ट ने आदेश किया है कि जांच एसपी स्तर के अधिकारी से कराई जाए। एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने इंस्पेक्टर की जांच अब एसपी ट्रैफिक जितेंद्र श्रीवास्तव को सौंप दी है। इस प्रकरण में सुबूत जुटाकर जल्द चार्जशीट लगाई जा सकती है।
चार माह बाद भी चार्जशीट दाखिल नहीं कर पाई पुलिस
इंस्पेक्टर बिजेंद्र पाल राणा के खिलाफ चार माह बाद भी चार्जशीट दाखिल नहीं की गई है। भ्रष्टाचार का मुकदमा, वादी वकार के कोर्ट में 164 के बयान और जेल भेजने से पहले हेड कांस्टेबल मनमोहन के बयान हो चुके हैं।