मेरठ..कंवलजीत..सोनू कश्यप के परिजनों को मुआवजा देने की मांग व हत्यारो को फांसी की मांग को लेकर
मेरठ। सरधना क्षेत्र के ज्वालागढ़ में सोनू कश्यप की हत्या कर शव जलाने के मामले में सपाइयों ने बुधवार को कमिश्नरी चौराहे पर धरना प्रदर्शन किया। प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। हत्या करने वालों को फांसी की सजा दिए जाने संबंधी नारे लगाए। साथ ही आरोप लगाया कि पीड़ित को न्याय नहीं मिल पा रहा है। सिर्फ एक नाबालिग आरोपी पर कार्रवाई कर मामले को दबाने की कोशिश की जा रही है। जबकि इसमें और भी आरोपी हैं। उन्हें भी गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाए।
सपाइयों ने पीड़ित परिवार को एक करोड़ रुपये का मुआवजा दिए जाने, परिवार के किसी एक सदस्य को नौकरी और जीवन यापन के लिए एक घर दिए जाने की मांग की। इस संबंध में उन्होंने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन एसडीएम को दिया जिसे जिलाधिकारी के माध्यम से राज्यपाल को भेजने के लिए कहा। प्रदर्शन में किठौर विधायक शाहिद मंजूर, जिलाध्यक्ष कर्मवीर सिंह गुमी, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष सीमा प्रधान, महिला सभा की जिलाध्यक्ष मृदुला यादव, महानगर अध्यक्ष आदिल चौधरी, पिछड़ा वर्ग के जिलाध्यक्ष विजयपाल कश्यप, जितेंद्र गुर्जर और अहतेशाम इलाही आदि शामिल रहे।