बहसूमा। सरकारी सहायता से मकान नहीं बनवाने से नाराज रहावती निवासी भीम आर्मी के तहसील मंत्री सोनू जाटव ने सोमवार को तहसील परिसर में प्रशासन के सामने ही मुख्यमंत्री का पुतला दहन व आत्मदाह की चेतावनी दी थी। पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। सोनू जाटव का कहना है कि यदि सरकार ने आर्थिक मदद देकर उसके मकान का निर्माण नहीं कराया तो वह फिर आत्मदाह के लिए मजबूर होगा। वहीं, आत्मदाह की चेतावनी को देखते हुए तहसील में पुलिस फोर्स तैनात रहा।
भीम आर्मी के तहसील मंत्री सोनू जाटव ने बताया कि उसका जर्जर मकान गत वर्ष बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया था। उसने प्रशासन से आर्थिक मदद से मकान के निर्माण की मांग की थी। लेखपाल व ब्लाक अधिकारियों ने पहले तो सही रिपोर्ट लगा दी। सुविधा शुल्क नहीं देने पर उसकी रिपोर्ट में हेराफेरी कर रिपोर्ट बदल दी गई। आर्थिक मदद से मकान का निर्माण नहीं होने से नाराज होकर आत्मदाह की चेतावनी पर अधिकारियों ने जल्द ही पक्का मकान बनवाने का आश्वासन दिया था।
लेकिन एक साल बीतने पर भी मकान का निर्माण नहीं कराया। शासन-प्रशासन की उपेक्षा का दंश झेल रहे सोनू जाटव ने 15 मार्च को मवाना थाना पहुंचकर 17 मार्च को तहसील परिसर में मुख्यमंत्री का पुतला दहन करने व आत्मदाह की चेतावनी दी थी। पुलिस ने आत्मदाह करने से पहले ही सोमवार को उसे हिरासत में लेकर थाने में बैठा लिया। सूचना पर पहुंचे बीडीओ मवाना अमरीश कुमार ने मकान निर्माण की रिपोर्ट उच्च अधिकारियों को प्रस्तुत कर जल्द से जल्द मकान के निर्माण का आश्वासन दिया।
थाने में बैठे सोनू जाटव का कहना है कि जब तक उसके मकान के निर्माण में आर्थिक सहायता नहीं मिलेगी, तब तक वह अपने बयान पर कायम रहेगा।
थाना प्रभारी इंदु वर्मा का कहना है कि शाम के समय सोनू को छोड़ दिया गया है। चेतावनी के चलते तहसील परिसर में सुबह से लेकर शाम तक काफी तादाद में पुलिस फोर्स तैनात रहा।