गांव डालमपुर में बेटे ने ही की थी वृद्धा की हत्या
रोहटा। डालमपुर गांव में करीब दस दिन पूर्व घर में घुसकर गला रेतकर की गई वृद्धा की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। महिला की हत्या उसके बेटे ने ही दरांती से गला रेतकर की थी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पूछताछ में उसने बताया कि उसकी मां, उसकी पत्नी के साथ झगड़ा करती रहती थी, जिसके चलते पत्नी मायके चली गई थी। वह अलग होना चाहता था, लेकिन उसे हिस्सा नहीं दिया जा रहा था।
डालमपुर गांव में 12 फरवरी को दिनदहाड़े घर में घुसकर उमराव सिंह की पत्नी महेंद्री (85) की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के समय परिजन काम से जंगल में गए हुए थे। एसपी देहात केशव कुमार और सीओ सरधना आरपी शाही ने मौके पर पहुंचकर मामले की पड़ताल की थी। अधिकारियों ने फॉरेंसिक टीम को भी जांच के लिए मौके पर बुलाकर सबूत जुटाए थे। मौके से वारदात में प्रयुक्त दरांती भी बरामद की गई थी। उमराव सिंह की शिकायत पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने हत्या में करीबी का हाथ होने की आशंका जताई थी।
थाना प्रभारी निरीक्षक उपेंद्र सिंह का कहना है कि जांच के बाद पुलिस ने मृतका के बेटे देवी सिंह को गिरफ्तार कर पूछताछ की और उसके बाद जेल भेज दिया।