गोवंश को घायल अवस्था में छोड़ भागे गोकश, हंगामा
खरखौदा। गांव जलालपुर के ग्रामीणों को रविवार सूचना मिली कि जंगल में काली नदी किनारे कुछ युवक गोकशी कर रहे हैं। सूचना मिलते ही ग्रामीणों दौड़ पड़े। वहीं, ग्रामीणों के पहुंचने से पहले गोकश घायल गोवंश को मौके पर ही छोड़ भाग निकले। घटना पर हिंदू संगठन के लोगों ने हंगामा कर दिया और पुलिस पर मिली भगत का आरोप लगाया है। उधर, सड़क से करीब 500 मीटर दूर पर खेत में मिले घायल गोवंश के मामले में पुलिस हादसे में घायल होना बता रही है।
भाजपा के मेरठ महानगर संयोजन विनोद कुमार ने बताया कि रविवार की रात गांव जलालपुर के ग्रामीणों को सूचना मिली कि जंगल में काली नदी के किनारे कुछ लोग खेतों में गोकशी कर रहे हैं। गोकशी की सूचना पर गांव जलालपुर से करीब दो दर्जन ग्रामीण इकट्ठे होकर घटना स्थल की ओर दौड़ पड़े। लेकिन ग्रामीणों के पहुंचने से पहले ही गोकश भाग निकले। ग्रामीणों को मौके पर ही घायल अवस्था में गोवंश मिला। ग्रामीणों ने मामले की सूचना पुलिस व हिंदू संगठनों को दी।
पुलिस पर मिली भगत का आरोप
गोकशी की सूचना मिलते ही गांव जाहिदपुर निवासी विनोद कुमार कई हिंदू संगठन के साथ मौके पर पहुंचे और पुलिस पर मिली भगत का आरोप लगाया। संगठन ने आरोप लगाया कि पुलिस ने चार दिन पहले भी बिजली बंबा चौकी के पास एक मीट से लदी गाड़ी पकड़ी थी। जिसमें पुलिस ने कार्रवाई करने के बजाए सेटिंग कर छोड़ दिया। मौके पर पहुंची पुलिस के सामने ग्रामीणों व हिंदू संगठनों के लोगों ने जमकर हंगामा किया।
निष्क्रियता छिपाने के लिए बता रहे सड़क हादसा
आरोप है कि थाना पुलिस ने अपनी निष्क्रियता को छिपाने के लिए फोन पर सीओ किठौर को घायल मिले गोवंश को सड़क हादसे में घायल होना बताया है। हिंदू संगठन के पदाधिकारी पर ग्रामीणों ने सीओ किठौर से आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है। जिसमें सीओ ने जांच के बाद कार्रवाई करने आश्वासन दिया है। बाद में पुलिस ने पशु चिकित्सक को मौके पर बुलाकर गोवंश का इलाज करा दिया है।
जांच कर होगी कार्रवाई
सीओ किठौर बृजेश कुमार सिंह का कहना है कि मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं घायल गोवंश का इलाज करा दिया गया है। बाद में उसे गोशाला में छोड़ा जाएगा।