मेरठ। भोला गांव की पूर्व प्रधान सोहनबीरी की हत्या संपत्ति विवाद में हुई थी। दामाद दीपक ने 70 हजार की सुपारी देकर हत्या कराई थी। कंकरखेड़ा पुलिस ने दीपक, उसके भाई संदीप उर्फ टोनी के अलावा सुपारी लेकर हत्या करने वाले हरविंद्र मलिक व उसके बेटे अनुज के खिलाफ आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल कर दिया है। चारों हत्यारोपी जेल में बंद है।
बेटी के घर नारायण गार्डन में हुई थी हत्या
जानी थाना इलाके के भोला गांव की पूर्व प्रधान सोहनबीरी (50) रोहटा रोड स्थित नारायण गार्डन कॉलोनी में अपनी बेटी निशा के घर आई हुई थी। आठ जनवरी की दोपहर नकाबपोश दो बदमाशों ने घर मे घुसकर गोली और चाकू मारकर सोहनबीरी की हत्या कर दी थी। परिजनों ने कंकरखेड़ा थाने पर दामाद दीपक सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
कंकरखेड़ा पुलिस ने अनुज मलिक निवासी ग्राम भगवानपुर बांगर थाना किठौर और उसके पिता हरविंद्र को गिरफ्तार कर हत्या का खुलासा किया था। पिता पुत्र ने बताया था कि उसने दीपक और संदीप की 70 हजार रुपये की उधारी चुकाने के लिए सोहनबीरी की हत्या की थी।
-
दामाद ने कहा था 70 हजार दो या सास को मार डालो
पुलिस की जांच में सामने आया है कि दीपक को उसकी सास काफी समय से प्रताड़ित करती थी। अक्सर उसे ताने मारकर जलील करती थी। जेल भिजवाने की धमकी देती थी। इसी वजह से उसका अपनी पत्नी निशा से भी विवाद रहने लगा था। पूरे घर पर उसकी सास ने कब्जा कर लिया था। अपना घर छोड़कर उसे गाजियाबाद के पतला गांव में रहना पड़ रहा था। दीपक और संदीप ने हरविंद्र को कहा था कि उधार लिए 70 हजार रुपये वापस करो या फिर सोहनबीरी की हत्या कर दो। रुपये न होने के कारण पिता-पुत्र हत्या करने को तैयार हो गए। आठ जनवरी को घर में घुसकर निशा और बच्चों के सामने ही सोहनबीरी की गोली मारकर और चाकू से गोदकर हत्या कर दी थी।
-
सोहनबीरी हत्याकांड में कंकरखेड़ा पुलिस ने चारों आरोपियों के खिलाफ प्रर्याप्त साक्ष्य एकत्र कर आरोप पत्र कोर्ट में दाखिल कर दिया है। आरोपियों को कड़ी सजा दिलाने के लिए पैरवी की जाएगी।
आयुष विक्रम सिंह, एसपी सिटी
-