- दो दिन से रोहटा रोड स्थित ऐरा काॅलोनी में भरा है बारिश का पानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। पूर्व भारतीय क्रिकेटर प्रवीण कुमार ने अपनी तेज और स्विंग गेंदबाजी से भारत को कई बड़े मैच जिताए। पूरे विश्व में भारत का नाम रोशन किया। आज उनके घर में ही पिछले दो दिनों से पानी भरा है। बारिश के कारण जलभराव हो गया है और सांप भी घर में घुस रहे हैं। इसे लेकर शनिवार को उन्होंने नगर आयुक्त सौरभ गंगवार को भी फोन कर पानी निकासी की मांग की।
रोहटा रोड स्थित ऐरा कॉलोनी में वह मकान नंबर ए-18-19 में रहते हैं। उन्होंने बताया कि दो दिन हुई तेज बारिश के कारण रोहटा रोड स्थित ऐरा कॉलोनी जलमग्न है। लोगों के घरों में गंदा पानी घुस रहा है। पानी की निकासी न होने के कारण झाड़ियों से निकलकर जंगली जीव घर में घुस रहे हैं। शनिवार को एक सांप प्रवीण कुमार के घर में घुस गया। बड़ी मुश्किल से आसपास के लोगों ने सांप को घर से बाहर निकाला। शुक्रवार को भी एक सांप पास के ही घर में घुस गया था। इस कारण क्षेत्र के लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में उनकी ओर से नगरायुक्त सौरभ गंगवार से भी शिकायत की गई है।