साप्ताहिक बंदी के मामले में हंगामा करते व्यापारी। (स्त्रोत व्यापारी) फलावदा।
फलावदा। शुक्रवार को साप्ताहिक बंदी को लेकर नगर में श्रम प्रवर्तन विभाग की टीम ने दुकानों पर कार्रवाई करते हुए चार दुकानदारों के चालान काटे। दुकानदारों को चेतावनी दी कि शुक्रवार को नगर में साप्ताहिक बंदी पर दुकान खोलने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। वहीं, छोटे व्यापारियों ने दुकान बंद कराने का विरोध करते हुए हंगामा किया।
नगर में श्रम प्रवर्तन विभाग के अधिकारी विनय कुमार दुबे व शशिकांत पांडे मुख्य बाजार में पहुंचे। उन्हें बाजार में दुकान खुली मिली। टीम ने कई दुकानों के चालान काटे तथा कुछ दुकानों को चेतावनी देकर छोड़ा। वहीं छोटे व्यापारियों ने आरोप लगाया कि बड़े व्यापारियों की दुकान खुलने की वजह से छोटे दुकानदारों का शोषण किया जा रहा है। छोटे व्यापारियों ने हंगामा करते हुए कहा कि बड़े व्यापारियों की दुकानों को बंद कराओ उसके बाद ही छोटे दुकानदार अपनी दुकानें बंद करेंगे। टीम ने सभी दुकानें बंद कराने का आश्वासन दिया। इसके बाद मामला शांत हुआ। इस दौरान युवा व्यापार मंडल के नगर अध्यक्ष आशु पालीवाल, नगर सचिव आरव राजपूत, डॉ. देवदत्त सैनी, व्यापारी नेता प्रशांत खटीक, नीमेश रस्तोगी, प्रिंस सैनी, हनी रस्तोगी, आदित्य रस्तोगी, गौरव बिश्नोई, राहुल रस्तोगी, विक्रांत रस्तोगी, तालिब कुरैशी, शबी रहमान, शयान, आमिर, महताब, समसू, मरगूब, विनोद सैनी आदि दुकानदार मौजूद रहे।