खेल विश्वविद्यालय में विभिन्न पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए कुल 421 ने कराया पंजीकरण
कई कोर्स में सीटों के बराबर भी नहीं हुए पंजीकरण
अब 13 अगस्त से शुरू होगी शारीरिक दक्षता परीक्षा
फोटो समाचार
संवाद न्यूज एजेंसी
मेरठ। मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय में विभिन्न पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए चल रहे पंजीकरण 11 अगस्त को समाप्त हो गए। सभी पाठ्यक्रम में प्रवेश के लिए कुल 421 आवेदकों ने पंजीकरण कराया।
इसमें कई कोर्स ऐसे भी रहे, जिनमें सीटों के मुकाबले आधे आवेदन भी नहीं आए। कई कोर्स में आवेदन न होने के कारण उन्हें शुरू भी नहीं किया जा सकेगा। अन्य कोर्स में प्रवेश के लिए शारीरिक दक्षता परीक्षा 13 अगस्त से शुरू होगी।
मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की ओर से बीपीईएस। (बेचलर फिजिकल एजुकेशन एंड स्पोर्टस) बीएससी (योग), एमएससी (योग) व डिप्लोमा पाठ्यक्रमों में प्रवेश के लिए पंजीकरण शुरू किए गए थे। 11 अगस्त को पंजीकरण की प्रक्रिया समाप्त हो गई। इसमें सभी पाठ्यक्रमों में कुल 421 आवेदन आए। इसमें सबसे अधिक 300 आवेदन बीपीईएस कोर्स के लिए आए जबकि सीटें केवल 50 हैं। इसके अलावा अन्य सभी पाठ्यक्रमों में पंजीकरण की संख्या कम ही रही।
कई पाठ्यक्रमों के केवल एक या दो आवेदन ही आए। अब पंजीकरण की प्रक्रिया पूरी होने के बाद विवि प्रशासन की ओर से शारीरिक दक्षता परीक्षा की तैयारी कर ली गई है। यह परीक्षा 13 अगस्त से 18 अगस्त तक चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय के खेल मैदान में कराई जाएगी।
पीजी डिप्लोमा इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन कोर्स शुरू होना मुश्किल
खेल विवि में कई पाठ्यक्रम ऐसे रहें, जिनमें एक या दो ही आवेदन आए। इनमें पीजी डिप्लोमा इन जर्नलिज्म एंड मास कम्युनिकेशन कोर्स उनमें से ही एक है। इसमें एक या दो ही आवेदन आए। इसके चलते विवि प्रशासन की ओर से फिलहाल इस कोर्स को शुरू नहीं किया जा रहा है। पीजी डिप्लोमा प्रशिक्षण कोर्स में हॉकी में भी कोई आवेदन नहीं आया।
विभिन्न पाठ्यक्रमों में पंजीकरण की स्थित
कोर्स सीट पंजीकरण
बीपीईएस 50 300
एमएससी योग 20 10
बीएससी योग 40 20
पीजीडीएससी एथलेटिक्स 15 31
जीजीडीएससी बैडमिंटन 15 31
पीजीडीएससी कबड्डी 15 15
पीजीडीएससी योग 15 05
पीजीडीएससी कुश्ती 15 21
योग्यता, फिटनेस और खेल क्षमता पर विशेष बल : रजिस्ट्रार
खेल विश्वविद्यालय के रजिस्ट्रार सुनील कुमार झा ने बताया कि शारीरिक दक्षता परीक्षणों को सुचारू, व्यवस्थित और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षण स्थल पर व्यवस्थाएं की जा रही हैं ताकि अभ्यर्थी एक अनुशासित व अनुकूल वातावरण में प्रक्रिया में भाग ले सकें। विश्वविद्यालय प्रशासन ने शारीरिक दक्षता परीक्षण में सम्मिलित होने वाले सभी अभ्यर्थियों को अपनी शुभकामनाएं दी हैं।