मेरठ। बिजली बिल राहत योजना 2025-26 का तीसरा चरण 28 फरवरी तक चलेगा। इस योजना में अब केवल छह दिन शेष बचे हैं। दो किलोवाट घरेलू और एक किलोवाट वाणिज्यिक उपभोक्ताओं को इसमें छूट मिल रही है। नेवर पेड एवं लॉन्ग अनपेड बकाएदार भी इस योजना का लाभ ले सकते हैं।
पीवीवीएनएल के प्रबंध निदेशक रवीश गुप्ता के निर्देशन में विद्युत अधिकारी लगातार कार्य कर रहे हैं। योजना के अंतर्गत मूलधन में अधिकतम 15 फीसदी तक की छूट दी जा रही है। बिजली चोरी के प्रकरणों में भी 40 फीसदी तक का लाभ मिल रहा है। बिजली बिल पर लगे सरचार्ज यानी ब्याज में 100 फीसदी तक की छूट मिल रही है। एक दिसंबर 2025 से 20 फरवरी 2026 तक 6.37 लाख से अधिक उपभोक्ताओं ने योजना का लाभ उठाया है। उपभोक्ताओं को अब तक 560.87 करोड़ रुपये की छूट का लाभ मिला है। इस दौरान पीवीवीएनएल ने 67213 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह किया है। राजस्व संग्रह में बिजली चोरी के प्रकरणों से 19.65 करोड़ रुपये की वसूली हुई है। लॉन्ग अनपेड श्रेणी से 592.61 करोड़ रुपये प्राप्त हुए हैं। नेवर पेड श्रेणी से 59.87 करोड़ रुपये की वसूली शामिल है। मुरादाबाद जोन से सर्वाधिक 122.84 करोड़ रुपये का राजस्व संग्रह हुआ है। सहारनपुर जोन से 120.76 करोड़ रुपये और गजरौला जोन से 106.09 करोड़ रुपये मिले हैं।