कंकरखेड़ा। रविवार को भैया दूज का त्योहार है। यह भाई-बहन के अटूट प्रेम का प्रतीक है। ऐसे मौके पर शनिवार को एक महिला ने थाने पर पहुंचकर भाई के खिलाफ मारपीट का आरोप लगाकर उसके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। भाई ने बहन के पैर पकड़े और माफी मांगी, इसके बाद भी बहन कार्रवाई की जिद पर अड़ी रही।
शिवलोकपुरी निवासी इस महिला ने पुलिस को बताया कि उसका अपने पति से विवाद चल रहा है। इस कारण वह अपने बच्चों के साथ मायके में ही रहती है। उसका भाई एसएसबी में असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर है। वर्तमान में उसके भाई की पोस्टिंग बिहार में चल रही है। फिलहाल वह छुट्टी पर घर आया हुआ है। आरोप है कि शनिवार सुबह भाई ने उसके साथ मारपीट की। सिर में चोट लगने से वह घायल हो गई। वहीं, युवक का कहना है कि उसकी बहन आए दिन उसके साथ अभद्रता करती है। उसे झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी देती है। एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह का कहना है कि जांच कर कार्रवाई की जाएगी।